झुंझुनू

शेखावाटी हादसा: दूल्हे की SUV लेकर निकले बारात में आए 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत, शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम

Jhunjhunu Road Accident: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दूल्हे के 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। यह खबर सुनते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
less than 1 minute read
Apr 14, 2026
Jhunjhunu Road Accident
अस्पताल के बाहर मौजूद परिजन। फोटो: पत्रिका

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दूल्हे की एसयूवी लेकर निकले उसके दोस्त सड़क हादसे का शिकार हो गए। न्यू नेशनल हाईवे-11 पर देर रात तेज रफ्तार एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर घायल हो गया।

हादसा भैंसावता के पास करीब 2 बजे हुआ। चार युवक मोई गांव में दोस्त की बारात में आए थे। वे दूल्हे की एसयूवी लेकर किसी काम से चिड़ावा जा रहे थे। तभी एसयूवी अनियंत्रित होकर दीवार से टकराने के बाद खेत में जा गिरी। हादसे में उदावास निवासी संदीप कड़वासरा, तनिष्क शेखावत और धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, बाकरा निवासी अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल अजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं के बीडीके (BDK) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सिंघाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों शवों को चिड़ावा के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

शादी की खुशियां मातम में बदली

हादसे की खबर जैसे ही बारात स्थल तक पहुंची, वहां शादी की खुशियां मातम में बदल गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना भिजवा दी है। चिड़ावा के उप जिला अस्पताल में सुबह से ही परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जमा है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसे की वजह क्या रही।

Updated on:
14 Apr 2026 10:13 am
Published on:
14 Apr 2026 10:12 am