झुंझुनू

Rajasthan News : डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के काफिले का एक्सीडेंट, बेकाबू कार से ज़बरदस्त भिड़ंत

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के काफिले के साथ झुंझुनूं जिले में एक सड़क हादसा हो गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है।
2 min read
Feb 14, 2026
prem chand bairwa

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा शनिवार सुबह एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। घटना झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी घाट के पास की है, जहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित गाड़ी डिप्टी सीएम के सुरक्षा काफिले में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि काफिले की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सुरक्षा घेरे और ईश्वर की कृपा से उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कैसे हुआ हादसा? चश्मदीदों की जुबानी

जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा का काफिला जयपुर से झुंझुनूं की ओर जा रहा था। जब काफिला उदयपुरवाटी के घुमावदार घाट सेक्शन से गुजर रहा था, तभी एकनिजी गाड़ी ने नियंत्रण खो दिया और सीधे काफिले में सुरक्षा वाहन से टकरा गई।

डिप्टी सीएम पूरी तरह सकुशल

हादसे की सूचना मिलते ही जयपुर से लेकर झुंझुनूं तक प्रशासनिक अमले और पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि, प्रारंभिक जांच के बाद राहत की खबर आई कि डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को खरोंच तक नहीं आई है। वे अपनी गाड़ी में सुरक्षित थे। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत उनकी गाड़ी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और अन्य वाहनों की स्थिति की जांच की गई।

भाजपा नेता की थी कार 

जानकारी के मुताबिक काफिले के एस्कॉर्ट वाहन से टकराने वाली कार भाजपा नेता की थी। सामने आया है कि भाजपा नेता जेपी खटाना अपनी कार लेकर अचानक काफिले के बीच में घुस गए। इस दौरान काफिले में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर उससे भिड़ गई। हादसे के वक्त डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा का वाहन सुरक्षित रूप से आगे निकल चूका था। इस हादसे से दोनों वाहनों की हेडलाइट्स और कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। 

गुढ़ागौड़जी के दौरे पर थे डिप्टी सीएम

बता दें कि शनिवार को उपमुख्यमंत्री का झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था। वे यहाँ एक निजी शिक्षण संस्थान के वार्षिकोत्सव में शिरकत करने जा रहे थे। सुबह 10:30 बजे उन्हें गुढ़ागौड़जी पहुंचना था।

कार्यक्रम के बाद दोपहर 12:30 बजे उनकी जयपुर के लिए रवानगी तय थी। हादसे के बावजूद उन्होंने अपने संकल्प और जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी।

चंद मिनट पहले हुआ था भव्य स्वागत

विडंबना यह है कि इस डरावने हादसे से कुछ समय पहले ही डिप्टी सीएम का एनएच 52 पर रींगस में जोरदार स्वागत किया गया था। सालासर होटल के सामने विधायक सुभाष मील के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया था। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही मोड़ पर मौत को मात देने वाला हादसा इंतजार कर रहा है। स्वागत समारोह में विशाखा कुमावत, राजेंद्र भातरा और आयुष कानूनगो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Updated on:
14 Feb 2026 01:03 pm
Published on:
14 Feb 2026 12:17 pm