झुंझुनू

Rajasthan News: हवेली में धन गड़ा होने के संदेह में कर रहे थे खुदाई, मौके से 12 लोग गिरफ्तार

Jhunjhunu News: हवेली के कमरों में चार-पांच फीट की खुदाई की गई थी वहीं एक कमरे में कुछ संदिग्ध सामान भी मिला।
2 min read
Apr 11, 2026
Jhunjhunu haveli treasure news
बिसाऊ. हवेली के कमरे में की गई खुदाई। Photo- Patrika

Jhunjhunu News: बिसाऊ कस्बे के वार्ड 20 में स्थित एक हवेली में धन गड़ा होने के संदेह में कमरों में खुदाई कर रहे एक दर्जन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मोहल्ले के लोगों की सूचना पर गुरुवार रात पहुंची पुलिस ने हवेली से 12 आरोपियों को हिरासत में लेते हुए उनके पास मिले खुदाई के औजार बरामद कर लिए।

बताया जा रहा है कि पांच से सात दिन से खुदाई का काम चल रहा था। हालांकि अभी तक थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, लेकिन प्रकरण की दिन भर कस्बे में चर्चा रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त प्राचीन हवेली में एक परिवार काफी समय से रहता आ रहा है। हवेली के कमरों में चार-पांच फीट की खुदाई की गई थी वहीं एक कमरे में कुछ संदिग्ध सामान भी मिला।

बिसाऊ. हवेली के एक कमरे में रखी गई संदिग्ध सामग्री. Photo- Patrika

मोहल्ले के लोगों ने जताया एतराज

हवेली में पिछले कुछ दिनों से अनजान लोगों की आवाजाही रहने को लेकर पास पड़ोस के लोगों को संदेह था। स्थानीय लोगों की सजगता ही रही कि गुरुवार रात जैसे ही एक दर्जन से ज्यादा लोग हवेली में घुसे, किसी ने पुलिस को सूचना कर दी। थानाधिकारी शेर सिंह, डीओ ओमप्रकाश व पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और गेट खुलवाया तो वहां एक दर्जन आदमी मिले।

मौके से 12 जनों को लिया हिरासत में

पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए मौके से चौमालों का मौहल्ला वार्ड नम्बर 36 झुंझुनूं हाल निवासी बिसाऊ मनीष शर्मा (52), मुकुंदगढ़ थाने के गांव ढिगाल निवासी देवीलाल जाट (54), झुंझुनूं के देवराला गांव निवासी इसब नट (42), कमलेश नट (20) मुकेश नट (45) जयपुर के गलता थाने की कलन शाह कॉलोनी निवासी इजहार बिसायती (55), जयपुर के करधनी थाने के रामावतार जांगिड़ (58), पुलिस लाईन झुंझुनूं के पास निवासी नवल बंजारा (20), जयपुर के बस्सी थाने के खेड़ी निवासी राकेश कुमार सैनी (39), लाल कुआ रोड नम्बर 3 झुंझुनूं निवासी शंभूदयाल नेहरा (52), रामगढ़ मोड़ जगदीश कालोनी जयपुर निवासी मोहम्मद हसीम (45) तथा बीएसएनएल के पास झुंझुनूं निवासी नरेन्द्र नट (37) को हिरासत में ले लिया।

बिसाऊ. वार्ड 20 में पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर खड़े लोग. Photo- Patrika

भाजपा स्टीकर लगी कार रही चर्चा का विषय

वार्ड 20 में जिस हवेली में खुदाई का काम चल रहा था, वहां भारतीय जनता पार्टी के नाम का स्टीकर लगी एक कार चर्चा का विषय बनी रही। कार मालिक कौन था और इस घटना में संलिप्तता को लेकर भी आमजन में चर्चा रही।

Updated on:
11 Apr 2026 11:28 am
Published on:
11 Apr 2026 11:28 am