
कोबरा सांप को रेस्क्यू करते सावन भादो डेम के नाका प्रभारी. Photo- Patrika
Kota News: कनवास कस्बे के गुर्जर मोहल्ले में बनवारी मेरोठा के कच्चे घर में रात करीब दो बजे उस समय हड़कंप मच गया जब एक पलंग पर सो रही दादी और पोती के तकिए के पास साढ़े पांच फीट लंबा कोबरा सांप फन फैलाए बैठा मिला।
अचानक नींद खुलने पर बालिका सांप को देखकर चिल्लाई और दादी को जगाया। दादी ने सांप देखकर घबराकर पास ही दूसरे पलंग पर सो रहे 16 वर्षीय पोते नकुल को आवाज दी।
नकुल के जागने पर उसने भी सांप को फन फैलाए देखा। यह सोचकर कि सांप किसी को काट सकता है। इसके बाद नकुल ने हिम्मत कर सांप को पकड़कर दीवार पर फेंक दिया। इसके बाद वह बुजुर्ग दादी और अपनी बड़ी बहन को घर से बाहर ले आया और परिजनों को जगाया।
परिजनों ने सांप को देखकर अन्य लोगों को बुलाया, लेकिन युवकों ने उसे काला सांप बताकर नहीं मारने को कहा। एक घंटे तक सांप के न हिलने पर मुकंदरा टाइगर रिजर्व के सावनभादो बांध के नाका प्रभारी राजवीर सिंह को सूचना दी गई।
इसके बाद राजवीर सिंह मौके पर पहुंचे और उसे काला कोबरा बताया। वे उपकरण लेने फॉरेस्ट कार्यालय गए और लौटने के बाद करीब पंद्रह-बीस मिनट की मशक्कत के बाद सांप को काबू कर प्लास्टिक के कट्टे में डाला। इसके बाद सांप को गोपाल पक्षी विहार में रेस्क्यू किया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
Updated on:
10 Apr 2026 02:43 pm
Published on:
10 Apr 2026 02:43 pm
