
Bhanwari Devi : भंवरीदेवी विश्नोई की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शनिवार को 17वें दिन भी जारी रहा। मामले में अब तक खुलासा नहीं होने से नागरिकों में आक्रोश है। धरने में फलोदी, जोधपुर सहित मारवाड़ के विभिन्न जिलों से संत, जनप्रतिनिधि और नागरिक पहुंच रहे हैं। पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई के नेतृत्व में चल रहे धरने में फलोदी, जोधपुर सहित मारवाड़ के विभिन्न जिलों से संत, जनप्रतिनिधि और नागरिक पहुंच रहे हैं।
पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने बताया कि मृतका को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरनास्थल से जयपुर पैदल कूच करने और मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी दी गई है। शनिवार को धरनास्थल पर बैठक कर जयपुर कूच की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
जिला और पुलिस प्रशासन वादे से लगातार मुकर रहा है। हत्या के चौथे दिन जब आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर लोगों का धरना जारी था। तब जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह धरना स्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच दिन का समय मांगा। जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इस आश्वासन के बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। पर प्रशासन अपना वादा पूरा न कर सका तब दोबारा से यह धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने भी सरकार और जिला प्रशासन से अपील की थी कि मुख्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करे और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित करे। आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी से समाज में रोष बढ़ता जा रहा है।
फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में जंभेश्वर नगर में 27-28 जुलाई में रात 1 बजे घर के बाहर सो रही 32 वर्षीय महिला भंवरी विश्नोई की अज्ञात हमलावर ने गला रेतकर हत्या कर दी। मां को बचाने के लिए उठी 16 वर्षीय बेटी रामज्योति और 10 वर्षीय छोटी बेटी भी हमले से नहीं बच सकी। मृतका के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि बेटी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। महिला का पति गंगाविशन विश्नोई ट्रक चालक है।