जोधपुर

Bhanwari Devi Update: लोहावट में फूटा जनता का गुस्सा, 5 किमी लंबा निकाला जुलूस, राष्ट्रपति-राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Bhanwari Devi Update : जोधपुर के भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड के 18 दिन बीत गए पर हत्यारा कौन है, इसका राज अभी तक नहीं खुल सका। आज न्याय की मांग को लेकर लोहावट में पांच किमी से अधिक लम्बा जुलूस निकला गया।
2 min read
bhanwari devi update lohawat public 5 km procession kisanram vishnoi threat
bhanwari devi update : लोहावट में पांच किमी से अधिक लम्बे जुलूस में शामिल लोग। फोटो पत्रिका

Bhanwari Devi Update : जोधपुर के लोहावट थानातंर्गत जंभेश्वरनगर गांव में घर के बाहर सो रही महिला भंवरीदेवी की धारदार हथियार से हत्या और उसकी दो बेटियों पर जानलेवा हमले के मामले में 18 दिन बीत गए है। पर हत्याकांड का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। आज लोहावट की जनता का गुस्सा फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर लोहावट में पांच किलोमीटर से अधिक लम्बा जुलूस निकला गया। इस जुलूस में बड़ी संख्या में पुरुष व महिलाएं शामिल हुए और अपना विरोध जताया। यह जुलूस उपखंड कार्यालय से स्टेट हाइवे, जाटावास चौराहा से होते निकला गया।

जिला कलक्टर व SP कार्यालय के घेराव का ऐलान

जुलूस के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। जुलूस के दौरान लोहावट के आस-पास के गांवों के अलावा प्रदेश के कई जिलों से हजारों की संख्या में नागरिक पहुंचे। इससे पहले उपखण्ड कार्यालय में मीडिया से बातचीत में पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने कहा कि भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड का 2 दिनों में मामले में खुलासा नहीं होने पर फलोदी में जिला कलक्टर व जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

नौवें दिन भी अनशन व धरना जारी

मामले का पर्दाफाश करने व आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई के नेतृत्व में राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। वहीं लोहावट पुलिस थाना के आगे पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई व अन्य का नौवें दिन भी अनशन व धरना जारी है।

एसआईटी का गठन, पर अभी तक कोई सुराग नहीं

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने इस मामले में 12 अगस्त को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। टीम जोधपुर रेंज आईजी के निर्देशन में काम करेगी और उसे तीन दिन के भीतर अपनी पहली रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। एसआईटी की कमान डीआईजी देवेंद्र विश्नोई को सौंपी गई है। विशेष जांच दल में फलोदी पुलिस अधीक्षक आईपीएस सतनाम सिंह, आईपीएस सुमित मेहरडा, एएसपी कैलाश बिश्नोई, एएसपी सुभाष खोजा और डीवाईएसपी भवानी सिंह को शामिल किया गया है।

पांच दिन में खुलासे का दिया था भरोसा

भंवरीदेवी की हत्या के बाद लोहावट में जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर 28 से 31 जुलाई तक धरना दिया गया था। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के बीच हुई वार्ता में कलक्टर और एसपी ने मामले का पांच दिन में खुलासा करने का लिखित आश्वासन दिया था। पर पुलिस और प्रशासन अपना वादा अभी तक पूरा नहीं कर सकी है।

Bhanwari Devi Bishnoi Murder Case : मृतका भंवरी विश्नोई (फाइल फोटो-पत्रिका)

मामला क्या है जानिए?

फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में जंभेश्वर नगर में 27 जुलाई की रात 1 बजे घर के बाहर सो रही 32 वर्षीय महिला भंवरी विश्नोई की अज्ञात हमलावर ने गला रेतकर हत्या कर दी थी। उसकी 16 वर्षीय बेटी रामज्योति और 10 वर्षीय छोटी बेटी भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मृतका के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि बेटी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। महिला का पति गंगाविशन विश्नोई ट्रक चालक है। घटना के समय बाहर था।

Updated on:
14 Aug 2026 05:24 pm
Published on:
14 Aug 2026 05:21 pm