Rajasthan Cow Cruelty Case: श्रीगंगानगर और जोधपुर में गोवंश के साथ क्रूरता की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गायों पर धारदार हथियारों से हमले के विरोध में लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
जोधपुर/श्रीगंगानगर। राजस्थान में गोवंश के साथ क्रूरता की दो घटनाओं ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। श्रीगंगानगर और जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में गायों पर धारदार हथियारों से हमला किए जाने की घटनाओं के बाद ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है।
यह वीडियो भी देखें
श्रीगंगानगर जिले की श्रीबिजयनगर तहसील के निकट 12 बीएलडी डबजाल गांव में एक गाय के साथ बेहद क्रूर घटना सामने आई। गांव निवासी रामप्रताप ओड की गाय के चारों थन बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने काट दिए। सुबह जब घटना का पता चला तो गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना पर गहरा रोष जताया। ग्रामीणों का कहना है कि यह हरकत किसी जंगली जानवर की नहीं बल्कि किसी व्यक्ति की लगती है। सूचना मिलने पर श्रीबिजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों ने गाय का चिकित्सकीय परीक्षण और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। गौ प्रेमियों ने इस घटना को अमानवीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। उधर, जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र के बिराई गांव की रामबेरी ढाणी में भी गोवंश पर हमला किए जाने का मामला सामने आया। यहां चार गायों पर कुल्हाड़ी से वार कर उन्हें घायल कर दिया गया। सुबह जब ग्रामीणों ने गायों की पीठ पर गहरे घाव देखे तो इलाके में आक्रोश फैल गया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और खेड़ापा पुलिस को जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंचे एएसआई चिमनाराम और पशु चिकित्सकों ने घायल गायों का उपचार शुरू कराया। बाद में घायल गोवंश को उपचार के लिए गो चिकित्सालय भेजा गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बाद में खेड़ापा थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ मौके पर पहुंचे और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने सात संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।