
राजस्थान की राजनीति के दो विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच औचक मुलाक़ात आज बुधवार को चर्चा का विषय रही। वाकया नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के वोटिंग दिवस बुधवार 9 सितंबर को जोधपुर के मंडोर का है। यहां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की मुलाक़ात केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गजेंद्र सिंह शेखावत से हुआ। मुलाक़ात भले ही अचानक थी, लेकिन दोनों नेता इस दौरान गर्मजोशी से मिले।
जानकारी के मुताबिक़ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल अपनी-अपनी पार्टियों के पक्ष में प्रचार करने के सिलसिले में जोधपुर पहुंचे हुए थे। इस दौरान मंडोर क्षेत्र से गुजरते समय दोनों नेता अचानक आमने-सामने हो गए।
राजनीतिक हलकों में हनुमान बेनीवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत को धुर विरोधी माना जाता है। हाल ही में संसद के भीतर मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित करने के मुद्दे पर भी दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी।
लेकिन बुधवार को जब ताज़ा मुलाक़ात हुई, तब दोनों नेताओं ने राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़ दिया। दोनों ऐसे गर्मजोशी से गले मिले जैसे दो मित्र मिल रहे हों।
दोनों नेताओं के बीच ज़्यादा देर के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ 15 सेकंड तक की ही मुलाक़ात हुई और गिने-चुने शब्दों का आदान-प्रदान हुआ। इस बीच आरएलपी की एक प्रत्याशी ने मंत्री शेखावत का अभिवादन किया और आशीर्वाद माँगा। बेनीवाल और शेखावत के बीच इस मुलाक़ात के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
चुनावों के इस गर्म माहौल के बीच राजस्थान के दो कद्दावर नेताओं की यह सौहार्दपूर्ण मुलाकात सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रही हैं। गौरतलब है कि सांसद हनुमान बेनीवाल ने हाल ही में भाजपा के एक और धुर-विरोधी पार्टी AIMIM और उनके सांसद नेता असदुद्दीन ओवैसी से हाथ मिलाया है। ओवैसी और बेनीवाल की पार्टी इस निकाय चुनाव में गठबंधन के साथ मैदान पर हैं।