जोधपुर

पश्चिमी राजस्थान को रेलवे देगा बड़ी सौगात: अब जैसलमेर से सीधे जुड़ेगा गुजरात, फलोदी के विकास को मिलेगी रफ्तार

Indian Railway News: फलोदी से गुजरात के लिए रेल कनेक्टिविटी अब और मजबूत हो गई है, क्योंकि साबरमती–जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक कर दिया गया है। इस फैसले से फलोदी सहित पूरे क्षेत्र के यात्रियों को सीधी और तेज रेल सुविधा मिलेगी।

2 min read
May 21, 2026
फाइल फोटो- पत्रिका

फलोदी। पश्चिमी राजस्थान की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए रेलवे ने साबरमती–जोधपुर–साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक कर दिया है। इससे फलोदी सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को गुजरात के लिए सीधी और तेज रेल सुविधा मिलेगी। इस फैसले को पर्यटन, व्यापार, कृषि और औद्योगिक विकास के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। रेलवे के अनुसार उद्घाटन स्पेशल ट्रेन 22 मई को जैसलमेर से रवाना होगी और रामदेवरा, फलोदी, ओसियां और जोधपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसके बाद नियमित रूप से गाड़ी संख्या 20486/20485 साबरमती–जैसलमेर–साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन शुरू होगा।

यह वीडियो भी देखें

ये भी पढ़ें

Rajasthan: चीख-पुकार से गूंजा राजस्थान का यह गांव, एक झटके में 2 दर्जन से अधिक घर जलकर खाक, मचा कोहराम

फलोदी को मिलेगा सीधा लाभ

इस रेल सेवा के विस्तार से फलोदी क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब अहमदाबाद और गुजरात की यात्रा पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगी। फलोदी से बड़ी संख्या में व्यापारी, विद्यार्थी, श्रमिक और पर्यटक गुजरात की ओर यात्रा करते हैं। नई सुविधा से समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि रामदेवरा, जैसलमेर और जोधपुर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

औद्योगिक विकास को भी मिलेगी नई रफ्तार

रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से फलोदी और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। व्यापारिक संगठनों का मानना है कि गुजरात से सीधी रेल सुविधा मिलने से परिवहन आसान होगा। इससे कृषि उत्पाद जैसे मसाले, जीरा, इसबगोल के साथ कपड़ा और अन्य स्थानीय उत्पादों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे कृषि आधारित उद्योग, वेयरहाउसिंग और व्यापारिक निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

पर्यटन और व्यापार दोनों को मिलेगा बढ़ावा

फलोदी, रामदेवरा, जैसलमेर और पश्चिमी राजस्थान पहले से ही पर्यटन का बड़ा केंद्र हैं। साबरमती से सीधी सुपरफास्ट रेल सेवा शुरू होने से गुजरात और पश्चिम भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है। इसका सीधा लाभ होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प, परिवहन और स्थानीय बाजारों को मिलेगा। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में 22 डिब्बे होंगे, जिनमें एसी, थर्ड एसी, शयनयान और साधारण श्रेणी के कोच शामिल होंगे। नियमित सेवा 23 मई से शुरू होगी। साबरमती से यह ट्रेन सुबह रवाना होकर शाम को जैसलमेर पहुंचेगी, जबकि वापसी में जैसलमेर से सुबह चलकर रात तक साबरमती पहुंचेगी।

क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल

रेल सेवा के विस्तार की घोषणा के बाद फलोदी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस प्रकार की रेल सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब यह सेवा क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देगी।

पत्रिका की खबरों का हुआ असर

गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका के माध्यम से सीमावर्ती फलोदी व जैसलमेर जिले में महानगरों की कनेक्टिविटी को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित की जा रही है। जिसमें इस क्षेत्र में पर्यटन व औद्योगिक विकास को गति देने के लिए और स्थानीय नागरिकों को सुविधा देने के लिए महानगरों, धार्मिक स्थलों व विकसित राज्यों से रेल कनेक्टिविटी की मांग उठाई जा रही थी। रेलवे ने बहुप्रतिक्षित साबरमती एक्सप्रेस को जोधपुर से वाया फलोदी-जैसलमेर तक बढ़ाते हुए इसका शेड्यूल जारी करते हुए शुक्रवार को उद्घाटन स्पेशल व 23 मई से नियमित ट्रेन संचालित करने की स्वीकृति जारी कर दी, जिससे लोगों का एक बड़ी ट्रेन का इंतजार पूरा हो गया। आगे उम्मीद है कि हरिद्वार, वृन्दावन जैसे बड़े तीर्थ स्थलों तक नई रेल सेवा का इंतजार भी पूरा होगा।

ये भी पढ़ें

Barmer: आर-पार की लड़ाई के मूड में रविंद्र सिंह भाटी, प्रशासन से वार्ता फिर विफल, पहले खुद पर डाल लिया था पेट्रोल
Also Read
View All