
जोधपुर। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोधपुर ग्रामीण पुलिस की जिला विशेष टीम ने खेड़ापा थाना क्षेत्र से मनीष उर्फ मनसा भाटी निवासी बुचेटी को गिरफ्तार किया है। जोधपुर ग्रामीण पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील और फोटो पोस्ट कर खुद को गैंगस्टर के रूप में पेश करता था। जांच में उसके अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने बताया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर हथियारों की रील और फोटो अपलोड कर लोगों में भय पैदा करने का प्रयास करता था। लेकिन, इंस्टाग्राम पर हथियारों की रील डालने वाले पर पुलिस ने शिकंजा कसा तो हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ। बुचेटी निवासी मनीष भाटी हथियार सप्लायर निकला। दसवीं पास आरोपी कई राज्यों में हथियारों की सप्लाई कर चुका है।
पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने बताया कि आरोपी मध्यप्रदेश के खरगौन से हथियार लाकर राजस्थान सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। प्रारंभिक जांच में उसके संपर्क लॉरेंस और सोपू गैंग से जुड़े बदमाशों सहित अन्य आपराधिक गिरोहों से सामने आए हैं। उसके खिलाफ बीकानेर, अजमेर, नागौर समेत कई जिलों में हथियार सप्लाई और अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक मनीष दसवीं तक पढ़ा है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों तक पहुंच बनाने की कोशिश करता था। पुलिस का दावा है कि वह राजस्थान के अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र तक अवैध हथियार और कारतूस सप्लाई कर चुका है। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन करने वालों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर मनीष की हथियारों के साथ पोस्ट और रीलें सामने आईं। जिला विशेष टीम ने निगरानी के बाद खेड़ापा थाना पुलिस के साथ कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया व टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि अपराधियों का महिमा मंडन करने, हथियारों के साथ फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर डालने और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।