जोधपुर

Jodhpur: शेखावत ने गहलोत से मांगा जवाब, कहा- रामसेतु पर कांग्रेस की दोहरी नीति अब ज्यादा छिप नहीं सकती

जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से रूबरू हुए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, कहा, अशोक गहलोत और कांग्रेस स्पष्ट करें कि रामसेतु मुद्दे पर पार्टी व उनके निजी विचारों में क्या फर्क है।
less than 1 minute read
Jul 20, 2025
अशोक गहलोत और गजेंद्र सिंह शेखावत। फाइल फोटो- पत्रिका

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोला। शेखावत ने कहा कि रामसेतु जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीक पर कांग्रेस की दोहरी नीति अब ज्यादा दिनों तक छुप नहीं सकती।

जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने केंद्र में रहते हुए जो एफिडेविट सुप्रीम कोर्ट में रामसेतु के अस्तित्व को नकारते हुए दाखिल किया था, उस पर अशोक गहलोत और कांग्रेस पार्टी को देश को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि उस हलफनामे के पीछे पार्टी की नीति थी या व्यक्तिगत राय। खासकर अशोक गहलोत जैसे वरिष्ठ नेता को इस मुद्दे पर सामने आकर जवाब देना चाहिए।

यह वीडियो भी देखें

कांग्रेस पर कटाक्ष

उन्होंने कहा कि यह विषय हिंदू आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा है। इस पर किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति लंबे समय तक स्वीकार नहीं की जा सकती। शेखावत ने दो टूक कहा कि रामसेतु मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी की सोच और अशोक गहलोत के निजी विचारों में क्या अंतर है? यह भी देश के सामने स्पष्ट किया जाना चाहिए।

भाजपा और उसकी वैचारिक प्रतिबद्धता पर शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, भगवान और भजनलाल, सबकी एक ही राशि है, लेकिन जब कांग्रेस की सरकार होती है तो देश पर काल का साया छा जाता है।

Updated on:
20 Jul 2025 07:05 pm
Published on:
20 Jul 2025 06:39 pm