कानपुर

Kanpur Weather: 7 दिन में 10.6°C चढ़ा पारा, अप्रैल में ही जून जैसी तपिश; गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें

Heatwave:अप्रैल में ही गर्मी ने रिकॉर्ड रफ्तार पकड़ ली है। सात दिनों में तापमान 26.8 से बढ़कर 37.2 डिग्री पहुंच गया। बढ़ती गर्मी से जनजीवन प्रभावित है, बाजार सूने हैं और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है।

2 min read
Apr 15, 2026

Heat Alert:कानपुर में अप्रैल के महीने में ही गर्मी ने इस बार अपने तेवर कुछ ज्यादा ही तीखे कर लिए हैं। बीते सात दिनों में तापमान में हुई लगातार बढ़ोतरी ने लोगों को हैरान कर दिया है। महज एक हफ्ते के भीतर अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 37.2 डिग्री तक पहुंच गया है। यानी सिर्फ सात दिनों में 10.6 डिग्री की उछाल दर्ज की गई, जो सामान्य मौसमी बदलाव से कहीं अधिक है।

मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो 08 अप्रैल को तापमान 26.8 डिग्री था। इसके बाद 09 अप्रैल को यह सीधे 30.2 डिग्री पर पहुंच गया। 10 अप्रैल को 32.1 डिग्री, 11 अप्रैल को 34.9 डिग्री, 12 अप्रैल को 35.6 डिग्री और 13 अप्रैल को 36 डिग्री दर्ज किया गया। 14 अप्रैल को यह आंकड़ा 37.2 डिग्री तक पहुंच गया। लगातार बढ़ते पारे ने साफ संकेत दे दिए हैं कि इस बार गर्मी जल्दी और ज्यादा असर दिखा रही है।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:सड़क को लेकर मजाक पड़ा भारी: दुकानदार की पिटाई में युवक के तीन दांत टूटे, वीडियो वायरल

तापमान में इस तेजी से बढ़ोतरी का असर अब साफ तौर पर जनजीवन पर दिखने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है। लोग बिना जरूरी काम के घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। जो लोग निकल भी रहे हैं, वे सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर चल रहे हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बाजारों में भी इसका असर साफ दिख रहा है। सुबह और शाम के समय तो भीड़ रहती है, लेकिन दोपहर में दुकानें सूनी नजर आती हैं। वहीं, ठंडे पेय पदार्थ, आइसक्रीम, शर्बत और कूलिंग उपकरणों की मांग तेजी से बढ़ गई है। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर कूलर, पंखे और एसी की खरीदारी में उछाल देखा जा रहा है।

डॉक्टरों और मौसम विशेषज्ञों ने भी बढ़ती गर्मी को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि तापमान में इस तरह की अचानक वृद्धि से लू और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। दिन में ज्यादा से ज्यादा पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना और धूप से बचना बेहद जरूरी है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। यदि यही रफ्तार बनी रही तो अप्रैल के अंत तक पारा 40 डिग्री के पार भी जा सकता है। ऐसे में अभी से सतर्क रहना ही बेहतर है, क्योंकि गर्मी की यह शुरुआत आगे और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

Also Read
View All