14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:सड़क को लेकर मजाक पड़ा भारी: दुकानदार की पिटाई में युवक के तीन दांत टूटे, वीडियो वायरल

Kanpur Crime News:कानपुर के रावतपुर में सड़क को लेकर किए मजाक पर दुकानदार ने युवक को पीट दिया, जिससे उसके तीन दांत टूट गए। घायल युवक थाने पहुंचा। घटना का वीडियो वायरल हुआ, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

2 min read
Google source verification

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में एक मामूली मजाक हिंसा में बदल गया। शारदा नगर में टूटी सड़क पर किए गए तंज से नाराज दुकानदार ने ग्राहक को दुकान के अंदर खींचकर बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में युवक के तीन दांत टूट गए। घायल युवक हाथ में टूटे दांत लेकर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे मामला सुर्खियों में आ गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और कार्रवाई की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, शारदा नगर निवासी निजी कर्मी अमित सिंह रविवार शाम पड़ोस के एक जनरल स्टोर पर दूध लेने पहुंचे थे। दुकान के पास लंबे समय से सड़क टूटी होने के कारण स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। इसी समस्या को लेकर अमित ने दुकानदार संजय से हल्के-फुल्के अंदाज में पूछ लिया कि क्या सड़क बन रही है। आरोप है कि इस मामूली मजाक पर दुकानदार भड़क गया और उसने अमित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिससे आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

पीड़ित अमित के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने उसे जबरन दुकान के अंदर खींच लिया। वहां संजय और उसके बेटे ने मिलकर डंडों से उसकी पिटाई कर दी। इस हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके तीन दांत टूट गए। मारपीट के बाद घायल युवक किसी तरह खुद को बचाकर बाहर निकला और सीधे रावतपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। वही घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। कई लोगों ने मामूली बात पर इस तरह की हिंसा को लेकर नाराजगी जताई।

थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बीच देर शाम आपसी समझौता हो गया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का निर्णय लिया। समझौते के बाद किसी भी पक्ष ने आगे कार्रवाई की मांग नहीं की। इस कारण पुलिस ने भी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद दोबारा सामने आता है, तो आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है।