करौली

Rajasthan: 3.70 लाख की रिश्वत के साथ करौली में पकड़ा गया बारां जिले का अधिकारी, एसीबी ने पहले से बिछाया था जाल

ACB Action: राजस्थान के करौली जिले में घूसखोरी के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। 3.70 लाख की नकदी के साथ अंता नगर पालिका के बड़े अधिकारी को दबोच लिया है। अधिकारी ट्रेन के जरिए नकदी लेकर करौली स्थित अपने घर जा रहा था।

2 min read
Apr 11, 2026
रिश्वत की रकम के साथ पकड़ा गया अधिकारी (फोटो-पत्रिका)

करौली। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए बारां जिले की अंता नगरपालिका के सहायक अभियंता महेंद्र सिंह जाटव को 3.70 लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ दबोच लिया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि आरोपी बारां से करौली की ओर ट्रेन से नकदी लेकर आ रहा है।

सूचना मिलते ही एसीबी टीम सक्रिय हो गई और हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाया गया। टीम ने स्टेशन पर निगरानी शुरू कर दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही महेंद्र सिंह जाटव ट्रेन से उतकर सवारी ऑटो में सवार हुआ एसीबी ने धावा बोल दिया। एसीबी की टीम ने सवारी ऑटो से अधिकारी को नीचे उतारकर बैग की तलासी ली। इस दौरान अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह जाटव की बैग से 3.70 लाख की नकदी बरामद हुई।

ये भी पढ़ें

Rajasthan News : कांग्रेस दफ्तर पर यहां होगा ‘बुलडोज़र एक्शन’! कार्यकर्ताओं में खलबली, जानें पूरा मामला

रिश्वत की राशि जुटाकर घर जा रहा था अधिकारी

बैग से निकले नोटो के सभी बंडल 500 रुपए की पाए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी अधिकारी ने इस राशि के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया और आगे की जांच शुरू कर दी गई। एसीबी को सूचना मिली थी रिश्वत की राशि इकट्ठा करके अधिकारी अपने करौली स्थित घर जा रहा है।

अधिकारी के पास था अतिरिक्त प्रभार

महेंद्र सिंह जाटव अंता नगरपालिका में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं और उनके पास अधिशासी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे नगरपालिका से जुड़े विभिन्न कार्यों के बदले यह रिश्वत राशि ले रहे थे। हालांकि, एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम किन-किन कामों के बदले ली गई और इस पूरे मामले में अन्य कौन लोग शामिल हैं।

अन्य लोगों के नाम आने की संभावना

इस ऑपरेशन को एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अंजाम दिया गया। उच्च स्तर से निगरानी के बीच स्थानीय टीम ने पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा किया। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और संभावना है कि जांच के दौरान और भी नाम सामने आ सकते हैं।

रिश्वतखोरी को लेकर चर्चा में था अधिकारी

बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह जाटव पहले भी रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर चर्चा में रहे हैं। एसीबी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसका पद कितना भी ऊंचा क्यों न हो। जब्त की गई राशि को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Accident: शराब पार्टी करके MP लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत, 1 गंभीर घायल, झालावाड़ में पुलिया से गिरी बाइक
Published on:
11 Apr 2026 04:06 pm
Also Read
View All