
VBG Ramji Yojana: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से आज ग्रामीण विकास की दो बेहद विरोधाभासी तस्वीरें एक साथ सामने आ रही हैं। एक ओर जहां देश में मनरेगा के स्थान पर लागू की गई नई महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण का राज्य स्तरीय शंखनाद होने जा रहा है वहीं दूसरी ओर इस योजना को जमीन पर उतारने वाले कबीरधाम जिले के 500 से अधिक मनरेगा अधिकारी-कर्मचारी आज से सामूहिक हड़ताल पर जा रहे हैं।
केंद्र सरकार की नई विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार (वीबीजी रामजी) योजना का छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय शुभारंभ गुरुवार 2 जुलाई को कबीरधाम जिले की बोड़ला जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत गंडईखुर्द से होगा। एक ओर प्रदेश सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ करने जा रही है वहीं दूसरी ओर इसी दिन जिले के 527 मनरेगा अधिकारी-कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल पर उतरेंगे।
ऐसे में जिस योजना का शुभारंभ उत्साह के साथ होना है। उसके पहले दिन ही जमीनी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान तिरुपति आंध्र प्रदेश से वर्चुअल माध्यम से करेंगे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
महासंघ के अनुसार जिले के 527 अधिकारी-कर्मचारी 471 ग्राम पंचायतों में योजना का संचालन करते हैं। इनके हड़ताल पर रहने से रोजगार मांगने वाले ग्रामीणों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकेगी। नए जॉब कार्ड नहीं बनेंगे, न ही नए पंजीयन होंगे। ऐसे में योजना के शुभारंभ के बावजूद कम से कम 4 जुलाई तक ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रभावित रह सकती है।
मनरेगा कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि पिछले करीब 20 वर्षों से कर्मचारी ग्रामीण रोजगार योजना का संचालन कर रहे हैं, लेकिन आज तक उनके लिए सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और नियमितीकरण की व्यवस्था नहीं की गई। वर्तमान सरकार बनने के ढाई वर्ष बाद भी मानव संसाधन (एचआर) नीति लागू नहीं हो सकी है। इसी से नाराज होकर कर्मचारियों ने आंदोलन का रास्ता चुना है।
वीबीजी रामजी योजना मनरेगा का नया स्वरूप माना जा रहा है, लेकिन इसके संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारी ही पहले दिन से हड़ताल पर रहेंगे। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर प्रदेशभर में 2, 3 और 4 जुलाई को चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। पहले दिन जनपद स्तर, दूसरे दिन जिला स्तर और तीसरे दिन राज्य स्तर पर धरना-प्रदर्शन होगा। कबीरधाम जिले के कवर्धा, पंडरिया, बोड़ला और सहसपुर लोहारा जनपदों के मनरेगा अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रशासन को हड़ताल की सूचना और ज्ञापन सौंप दिया है।