नर्मदा जल योजना... अभी सिर्फ नल कनेक्शन, सरकार रुपए देगी तब लगाएंगे मीटर
खंडवा. नर्मदा जल योजना को लेकर विधायक और महापौर के बीच मीटर को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब एक नई व्यवस्था सामने आई है। तेजी से कनेक्शन कराए जाने और ट्रांजिशन पीरियड तक इस काम को पूरा कराने के लिए इसी के तहत काम होगा। लोगों के 2 हजार रुपए तक बचाने की कार्ययोजना बनी है।
शहर में नए कनेक्शन तो होंगे लेकिन फिलहाल मीटर नहीं लगाए जाएंगे। नगर निगम द्वारा इसमें ये व्यवस्था की जा रही है कि मीटर के लिए लगने वाली राशि का भार उपभोक्ताओं पर न पड़े। इसके लिए ये राशि सरकार से स्वीकृत कराएंगे और फिर बल्क में मीटर खरीदकर विश्वा कंपनी के माध्यम से घर-घर लगवाए जाएंगे। सोमवार शाम 5 से 7.15 बजे तक निगम में सवा दो घंटे तक इस मुद्दे पर मंथन हुआ। महापौर सुभाष कोठारी, आयुक्त जेजे जोशी, इंजीनियर राजेश शुक्ला, दिलीप मालवीय और विश्वा के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रवीण कुमार, प्रोजेक्ट इंचार्ज देवेंद्र सिंह, सुनील कुमार और डिस्ट्रीब्यूशन लाइन डाल रही ईपीसी के प्रोजेक्ट इंचार्ज दीपक सिंह के बीच मंथन चलता रहा। विधायक के प्रतिनिधि के रूप में एमआईसी सदस्य व भाजपा जिला महामंत्री दिनेश पालीवाल व सिद्धार्थ जायसवाल मौजूद थे।
नगर निगम ने दिए हैं ये तर्क...
- विश्वा कंपनी से अनुबंध हुआ है, उसका पालन कराएंगे, मीटर लगेंगे
- जनता पर मीटर व कनेक्शन का भार न पड़े इसलिए नई व्यवस्था कर रहे हैं
- 1204 रुपए प्रति मीटर वैध कनेक्शनधारियों के लिए सरकार से लाएंगे राशि
- जनता पर भार भी नहीं पड़ेगा और अनुबंध का पालन भी हो जाएगा
- आमजन चाहें तो नए कनेक्शन के लिए सामग्री बाजार से भी ला सकते हैं
विश्वा पूरी तरह से नहीं राजी...
- निगम के प्रस्ताव की जानकारी हम मुख्य कार्यालय हैदराबाद को देंगे
- मीटर लगाने या उसकी राशि के संबंध में वरिष्ठ स्तर के निर्देशों का पालन करेंगे
- नॉन रिटर्नेबल मीटर (एनआरवी) लगाना है, जबकि निगम हमें ये लगाने से मना कर रहा है
- लेबर चार्ज और जीआई आइटम कम कर दिए हैं, जबकि ये जरूरी है
- निगम के नए प्रस्तावित रेट चार्ट में हमारे हिसाब से 800 रुपए करीब कम हैं
- राशि स्वीकृत करा लेंगे
अभी ट्रांजिट पीरियड चल रहा है। शहर में एक समान जलकर वसूला जा रहा है। कंपनी से अनुबंध के तहत मीटर लगाएंगे लेकिन इसकी राशि का भार जनता पर न पड़े, इसलिए शासन से रुपए लाएंगे।
सुभाष कोठारी, महापौर
- वरिष्ठ स्तर पर बात रखेंगे
निगम ने हमें जो नया प्रस्ताव दिया है, उसके बारे में हम मुख्य कार्यालय हैदराबाद को बताएंगे। मीटर के अलावा कनेक्शन के लिए जरूरी कुछ सामग्री हटाई है, इससे सात-आठ सौ रुपए का डिफरेंस हुआ है।
प्रवीण कुमार, प्रोजेक्टर मैनेजर, विश्वा
(फोटो- विधायक प्रतिनिधि के रूप में बैठक में आए भाजपा जिला महामंत्री दिनेश पालीवाल व सिद्धार्थ जायसवाल आधी बैठक से चले गए।)