
rahul gandhi
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को जातीय हिंसा से आग में झुलस रहे सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव का दौरा करने के लिए दिल्ली से रवाना हो चुके हैं। हालांकि प्रशासन ने राहुल गांधी को यहां नहीं पहुंचने को कहा है। साथ ही कार्यक्रम को खारिज करने को कहा है। इसके बावजूद राहुल गांधी सहारनपुर पहुंच रहे हैं।
शब्बीरपुर में हेलीकॉप्टर के लैंडिंग की मनाही के चलते राहुल दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए वहां जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सहारनपुर जिला प्रशासन राहुल गांधी को जिले की सीमा से बाहर ही रोकने का इंतजाम में जुटी है। तो वहीं बीजेपी ने राहुल गांधी की यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि यह केवल तस्वीर खिंचवाने का एक मौका भर है।
गौरतलब है कि महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर 5 मई को निकाली जा रही शोभायात्रा को लेकर शब्बीरपुर में जातीय संघर्ष हो गया था। इसके बाद शुरू हुई सियासत के बाद बसपा प्रमुख मायावती के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, पीएल पुनिया और रालोद के महासचिव जयंत चौधरी भी पहुंचे थे।
ध्यान हो पिछले 23 मई को बसपा सुप्रीमो मायावती ने शब्बीरपुर गांव में सभा की थी। जिसके बाद उनके जाने के बाद वहां लोगों पर जानलेवा हमला किया गया था और इसमें एक युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद शासन ने शब्बीरपुर में किसी भी बाहरी व्यक्ति के जाने पर रोक लगा दी है।
बीते शुक्रवार को कांग्रेसियों ने अचानक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति मांगी तो प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया है। हालांकि प्रशासन ने सहारनपुर दौरे की अनुमति को खारिज कर दिया है। बावजूद इसके कांग्रेसियों का दावा है कि हर हाल में राहुल गांधी सहारनपुर आएंगे।
गौरतलब है कि सहारनपुर हिंसा को लेकर बसपा मुखिया मायावती ने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा था कि योगी सरकार में शसन-व्यवस्था चौपट हो गई है। साथ ही इन इलाकों में हिंसा के कारण हो रहे जानमाल के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
Published on:
27 May 2017 01:19 pm
