
खंडवा. शक्कर के बढ़ते दामों के बाद अब प्याज की कीमतों ने भी आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। मंडी में कुछ समय पहले तक प्याज की करीब 3500 बोरी प्रतिदिन आवक हो रही थी। वर्तमान में यह घटकर लगभग 1000 बोरी पर आ गई है।
प्याज व्यवसायी नामदेव पटेल का कहना है कि नासिक क्षेत्र से प्याज की आवक फिलहाल बंद हो गई है। वहीं स्थानीय स्तर पर भी प्याज की उपलब्धता कम होने के कारण मंडी में आवक लगातार घट रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में आवक 400 से 500 बोरी तक सिमटने की संभावना जताई जा रही है।
आवक कम होने से बढ़ रहा भाव
व्यापारियों के मुताबिक मंडी में प्याज की आवक कम होने का सीधा असर बाजार भाव पर पड़ रहा है। मांग के मुकाबले उपलब्धता कम होने से अच्छी गुणवत्ता की प्याज के दाम तेजी से बढ़े हैं। बाजार में वर्तमान में अच्छी प्याज करीब 70 रुपए किलो तक बिक रही है। खुदरा बाजार में बढ़ते दामों का असर सीधे घरेलू बजट पर पड़ रहा है। पहले से महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के लिए प्याज के बढ़ते भाव परेशानी का कारण बन रहे हैं।
नई फसल आने पर राहत की उम्मीद
व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल प्याज के भाव में जल्द बड़ी गिरावट की संभावना कम है। बारिश के मौसम में लगाई गई कली वाली प्याज की फसल जब मंडी में आना शुरू होगी, तभी आवक बढ़ने की उम्मीद है। इस प्याज के लिए एक से डेढ़ माह इंतजार करना होगा। नई फसल की आवक बढ़ने के बाद बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ सकती है और इससे भाव में कुछ राहत मिलने की संभावना है।