
खंडवा. डाक कावड़ लेकर पहुंचे युवक-युवतियों ने महादेव को किया जल अर्पित।
प्राचीन महादेवगढ़ मंदिर में शिव पार्थेश्वर पूजन और अखंड ओम नम: शिवाय मंत्र जाप के साथ हनुमान शक्ति जागरण अनुष्ठान चल रहा है। शुक्रवार को यहां बालिकाओं, युवतियों और युवाओं ने डाक कावड़ के माध्यम से भगवान महादेव को नर्मदा जल अर्पित किया। युवतियों ने ओंकारेश्वर से नर्मदा जल लेकर दौड़ते हुए 5 घंटे में कावड़ यात्रा पूरी की।
इंदिरा चौक के युवाओं ने ओंकारेश्वर से नर्मदा का पवित्र जल महादेवगढ़ महाकाल को अर्पित किया। डाक कावड़ में शानू पटेल, रिया पटेल, नंदिनी पटेल, विजय पटेल, ललित पटेल, राजा गोलकर, शिवम गोलकर, भवश पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे। महादेवगढ़ मंदिर पुजारी पं. अश्विन खेड़े ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं अपने परिवार और बच्चों सहित भगवान शिव पार्थेश्वर का पूजन और हनुमान चालीसा का पाठ कर रही हैं। शुक्रवार को एनवीडीए महिला मंडल सहित अन्य महिला मंडलों ने शिव पार्थेश्वर का पूजन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। साथ ही ग्राम जसवाड़ी और अवस्थी चौक की महिलाओं ने भी भगवान शिव को कावड़ का जल अर्पित किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया।
भगवान शिव के अति प्रिय श्रावण माह में कावड़ यात्राओं का दौर लगातार जारी है। श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर पवित्र नदियों से जल लेकर अपने आराध्य भगवान शिव को अर्पित करने पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में महाराष्ट्र के धारणी से निकली कावड़ यात्रा शुक्रवार दोपहर खंडवा पहुंची। इस कावड़ में 100 किलो की पालकी में बाबा अमरनाथ की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
धारणी से मेलघाट शिवशक्ति कावड़ यात्रा 19 अगस्त को निकली है। यात्रा में शामिल गोपाल राठौर, योगेश शर्मा, अंकित मोहेडे ने बताया कि कावड़ यात्रा में करीब 100 किलो की पालकी भी शामिल है, जिसमें बाबा अमरनाथ की झांकी सजाई है। इस पालकी को कावड़ यात्री अपने कंधों पर उठाकर चल रहे है। कावड़ यात्रा में महिला, पुरुष सहित कुल 100 लोग शामिल है।
कावड़ यात्रा का खंडवा पहुंचने पर कावड़ यात्रा का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। लोगों ने फूलों से कावड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। बाबा अमरनाथ की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। कावड़ यात्री अपने कंधों पर कावड़ रखकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़े। यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। धारणी से जल लेकर निकले कावड़ यात्री पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुंचकर बाबा ओंकार जी महाराज को जल अर्पित करेंगे।
Updated on:
23 Aug 2026 12:16 pm
Published on:
23 Aug 2026 12:16 pm
