कोरीया

Pooja Painkra Suicide Case: कोरिया में पुलिसकर्मी की बेटी ने लगाई थी फांसी, IC मार्ट का 1 संचालक राजस्थान से गिरफ्तार, पिता-पुत्र अब भी फरार

Pooja Painkra Suicide news: बैकुंठपुर स्थित आईसी मार्ट के संचालकों ने 17 वर्षीय छात्रा व उसकी बहन पर चोरी का आरोप लगाते हुए लिखवाया था नोट, सुसाइड नोट लिखकर उठाया था घातक कदम
3 min read
Pooja Painkra suicide case
Pooja Painkra Suicide Case, मृतका पूजा पैंकरा व पुलिस गिरफ्त में संचालक विनोद वैद (Photo- Patrika)

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक शिवनाथ पैंकरा की 17 वर्षीय पुत्री ने 8 जुलाई की दोपहर शासकीय क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या (Pooja Painkra Suicide) कर ली थी। आईसी मार्ट के संचालकों ने उस पर व उसकी बहन पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाते हुए कबूलनामा नोट लिखवाया था। इस मामले में बैकुंठपुर फव्वारा चौक स्थित आईसी मार्ट के संचालक पिता-पुत्र समेत 3 के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। आईसी मार्ट के तीनों संचालक घटना के बाद से फरार थे। कोरिया पुलिस ने तीनों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। इसी बीच पुलिस ने एक संचालक को राजस्थान से धरदबोचा है, जबकि संचालक पिता-पुत्र अब भी फरार हैं।

बैकुंठपुर पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक शिवनाथ पैंकरा की 17 वर्षीय पुत्री पूजा पैंकरा (Pooja Painkra Suicide to hang) ने 8 जुलाई को क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह स्वामी आत्मानंद स्कूल में 11वीं की छात्रा थी। इस मामले में फरार आईसी मार्ट के एक संचालक विनोद वैद 50 वर्ष को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।

Pooja Painkra Suicide case, पुलिस वैन में मुस्कुराता विनोद वैद (Photo- Patrika)

पुलिस उसे आईसी मार्ट (सुपर मार्केट) लेकर भी गई। पुलिस जब उसे अपनी गाड़ी में ले जा रही थी वह मुस्कुराता दिखा। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। वहीं संचालक जगत कुमार वैद व उसका पुत्र दीपक वैद अब भी फरार चल रहे हैं। दोनों के खिलाफ पुलिस ने 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस उनकी भी तलाश में जुटी हुई है।

Pooja Painkra Suicide note: लिखा था सुसाइड नोट

छात्रा पूजा पैंकरा ने आत्महत्या (Girl student suicide) से पूर्व सुसाइड नोट भी लिखा था। उसने लिखा था कि ‘मम्मी-पापा मुझे माफ करना। मेरी वजह से आपलोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है।’ पुलिस ने कमरे से सुसाइड नोट बरामद किया था। घटना के दौरान छात्रा के पिता उसकी मां को लेने बस स्टैंड गया था।

Pooja Painkra Suicide case, फरार संचालक पिता-पुत्र (Photo- Patrika)

अजजा आयोग ने 3 दिन में मांगी है रिपोर्ट

बता दें कि छात्रा पूजा पैंकरा आत्महत्या (Suicide case) मामले को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। वहीं विस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नंदकुमार साय ने मामले की जांच के लिए सीएम को पत्र लिखा था। इस मामले में राष्ट्रीय अजजा आयोग ने कोरिया जिला प्रशासन से 3 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी है।

ये था मामला

7 जुलाई को पूजा पैंकरा (Pooja Painkra suicide in Baikunthpur) अपनी छोटी बहन के साथ आईसी मार्ट पहुंची थी। आरोप है कि उसने करीब 1500 रुपए का कॉस्मेटिक सामान अपने पास रखा था। आईसी मार्ट के संचालकों ने उसे व उसकी बहन को पकडक़र उनसे कबूलनामा नोट लिखवाया था कि वह उसकी बहन ने चोरी की है। इसके बाद उनकी स्कूटी भी संचालकों ने छीन ली थी।

Pooja Painkra suicide case, आईसी मार्ट संचालकों द्वारा छात्रा से लिखवाया गया कबूलनामा नोट (Photo- Patrika)

छात्रा की सूचना पर जब एक एएसआई संचालक के पास स्कूटी लेने गया तो उसने 20 हजार रुपए की डिमांड की। वहीं जब छात्रा का पिता प्रधान आरक्षक आईसी मार्ट पहुंच तो उससे 50 हजार रुपए की डिमांड की गई। इस पर उसने कहा था कि उसकी पत्नी आएगी तो रुपए की व्यवस्था कर देगा। इसी बीच 8 जुलाई की दोपहर छात्रा पूजा पैंकरा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

Updated on:
12 Jul 2026 05:33 pm
Published on:
12 Jul 2026 05:33 pm