
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के छिंदडांड़ स्थित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन में चोरों (Theft in Court) ने धावा बोल दिया। चोर अपने साथ एसी का कॉपर पाइप ले उड़े। इससे इस भीषण गर्मी में विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटीज बैकुंठपुर के कोर्ट और चेंबर की एसी बंद हो गई है। मामले की रिपोर्ट कोर्ट के नाजिर ने चरचा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले (Theft) की जांच में जुट गई है। घटना 28 मई की रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना दिवस की रात पुलिस के एक जवान और 2 नगर सैनिकों की ड्यूटी लगी थी, इसके बावजूद चोरी की घटना उनकी मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जिला न्यायालय छिंदडांड़ (District Court Chhinddand) के नाजिर शिवशंकर राजवाड़े ने चरचा थाने में कोर्ट बिल्डिंग में लगे एसी के कॉपर पाइप चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन बैकुंठपुर की सुरक्षा के लिए 28 एवं 29 मई की रात आरक्षक वसीम रजा, नगर सैनिक अमर साय एवं सुशील साहू की ड्यूटी लगी थी।
29 मई को सुबह 11 बजे पता चला कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के बोर्ड में लगे एसी में आउटडोर कॉपर पाइप, विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटीज बैकुंठपुर के चेंबर एवं न्यायालय कक्ष के एसी के आउटडोर का कॉपर पाइप गायब है। प्रथमदृष्ट्या यह बात सामने आई है कि कॉपर पाइप की चोरी हो गई है।
उहोंने बताया कि उन्हें शंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति न्यायालय परिसर में प्रवेश कर पाइप को काटने के बाद चोरी कर ले गया है। इससे न्यायालय के 3 एसी बंद हो गए हैं। उन्होंने बताया कि चोरी की वारदात (Theft) से लगभग 20 हजार रुपए की क्षति हुई है।
न्यायालय परिसर में सुरक्षा कर्मियों के ड्यूटी पर पदस्थ होने के बावजूद किसी व्यक्ति ने प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है, जो यह दर्शाता है कि चोरी की घटना सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही, उदासीनता अथवा मिलीभगत का परिणाम है।
कोर्ट नाजिर की रिपोर्ट पर चरचा पुलिस (Chharchha Police) ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 (ई), 331 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस कोर्ट परिसर के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लग सके।