कोटा

कोटा में सांड ने उठाकर फेंका, युवक बेहोश, सीपीआर देकर होश में लाए

कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक सांड ने अचानक पैदल चल रहे व्यक्ति पर हमला कर दिया। उसने व्यक्ति को सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया।
2 min read
Dec 31, 2025
Feature image
फोटो: सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनशॉट

कोटा। कोटा में आवारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। एक के बाद एक घटनाएं हो रही हैं और लोग उनमें गंभीर घायल होकर अस्पताल तक पहुंच रहे हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। ताजा मामला बुधवार दोपहर रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की पूनम कॉलोनी का है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पूनम कॉलोनी में बुधवार दोपहर करीब 3.15 बजे कॉलोनी निवासी नरेश सेन पैदल जा रहा था। इसी दौरान अचानक सांड ने साइड से उस पर हमला किया, उसे सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इससे युवक अचेत हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल सीपीआर दी। होश आने पर उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

पहले भी हो चुके मामले

-18 दिसम्बर को छावनी रामचंद्रपुरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास रहने वाले व्यापारी टीकमचंद सुमन को सांड ने उठाकर फेंक दिया था। उनके सिर में अंदरुनी चोटें आई। गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चला था।

-3 मार्च को खेड़ली फाटक में 4 साल के मासूम हार्दिक पर गाय ने हमला कर दिया था। सीसीटीवी में कैद इस घटना में गाय ने बच्चे को सींगों पर उठाकर हवा में फेंक दिया और फिर दो बार पैरों से रौंदा। गनीमत रही कि बच्चे को गंभीर चोटें नहीं आई, लेकिन उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

-2 जुलाई को कुन्हाड़ी क्षेत्र की कृष्ण विहार कॉलोनी में पीजी संचालक शेखर सुवालका (41) पर सांड ने हमला कर दिया था। सांड ने शेखर को सींगों में फंसाकर जोर से उछाल दिया, जिससे वे गंभीर घायल हो गए थे। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चला था।

-31 मई को सुभाष नगर में सांडों की आपसी लड़ाई में एक बुजुर्ग देवकरण गुर्जर (85) की मौत हो गई थी।

Updated on:
31 Dec 2025 07:51 pm
Published on:
31 Dec 2025 07:51 pm