कोटा

कोटा में नाबालिग छात्रा का 5 दिन पीछा, अपहरण की कोशिश; डर के मारे पिता के कपड़े पहनकर गई कोचिंग

कोटा शहर के एक थाना क्षेत्र में नाबालिग कोचिंग छात्रा का पिछले चार-पांच दिनों से दो कारों से पीछा करने और उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है।
2 min read
Sep 10, 2026
Kota Coaching Student
पुलिस कर रही जांच (पत्रिका फाइल फोटो)

कोटा। शहर के एक थाना क्षेत्र में नाबालिग कोचिंग छात्रा का पिछले चार-पांच दिनों से दो कारों से पीछा करने और उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्रा और उसके परिजन इतने भयभीत हैं कि मंगलवार को छात्रा अपनी पहचान छिपाने के लिए कोचिंग ड्रेस के ऊपर पिता के कपड़े पहनकर गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक, छात्रा का पीछा सफेद रंग की कार आरजे-17 सीबी 4482 और काले रंग की कार आरजे 45 वाईसी 1263 से किया जा रहा था।

आरोप है कि 7 सितंबर को सफेद कार सवार युवक ने छात्रा का पीछा करने के बाद उसका हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन कार में खींचने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध करते हुए किसी तरह अपना हाथ छुड़ाया और वहां से भागकर घर पहुंची। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

छात्रा ने नोट किया कार का नंबर

छात्रा की मां के अनुसार, घटना के दौरान बेटी ने पीछा कर रही कार का नंबर नोट कर लिया था। परिजनों ने यही नंबर कोटा पुलिस को उपलब्ध कराया है। घटना के बाद छात्रा इतनी डरी हुई है कि परिजन उसे अकेले बाहर भेजने से भी बच रहे हैं। मंगलवार को परिजन छात्रा को कोचिंग छोड़ने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें काले रंग की कार दिखाई दी। परिजनों का आरोप है कि इसी वाहन में वे युवक मौजूद थे, जिन पर छात्रा के साथ गलत हरकत और पीछा करने का आरोप है। परिजनों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि चालक तेज गति से वाहन भगाकर ले गया।

सीसीटीवी फुटेज में छात्रा को कार में खींचने की कोशिश करते युवक।

सीसीटीवी से मिली संदिग्ध वाहन की लोकेशन

मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। परिजनों के अनुसार, फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहन के एक कॉलोनी में खड़े होने की जानकारी मिली। बुधवार सुबह कुछ लोग वाहन के संबंध में जानकारी लेने मौके पर पहुंचे। इसी दौरान चालक वाहन लेकर बाहर निकला। लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन लोगों की ओर दौड़ा दिया और उन्हें टक्कर मारने की कोशिश करते हुए तेज गति से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

सीआइ अजीत बागड़ोलिया ने बताया कि परिजनों की शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। संदिग्ध वाहनों के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

संदिग्ध कारों के कई बार कट चुके चालान

परिवहन विभाग की जानकारी के अनुसार काली रंग की कार आरजे 45 वाईसी 1263 का रजिस्ट्रेशन मोलीलाल मीणा के नाम है। इस वाहन के कुल 6 बार चालान हो चुके हैं, जिनमें से 3 चालान कंपाउंड हो चुके हैं। इसी तरह सफेद रंग की कार आरजे 17 सीबी 4482 का रजिस्ट्रेशन रामरूप मीणा के नाम है। इस वाहन के कुल 7 बार चालान कट चुके हैं, जिनमें से 3 कंपाउंड हो चुके हैं।

Updated on:
10 Sept 2026 07:35 am
Published on:
10 Sept 2026 07:35 am