कोटा

राजस्थान के सरकारी स्कूल में बनाई रील मामले में शिक्षा विभाग सख्त, वीडियो वायरल होने के बाद प्रिंसिपल से मांगा जवाब

Rajasthan News: कोटा के सुल्तानपुर स्थित सरकारी स्कूल के डिजिटल क्लासरूम में छात्रों द्वारा हरियाणवी गाने पर बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर छात्रों और जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
2 min read
Jul 24, 2026
Kota Govt School Reel Viral
सुल्तानपुर नगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में डिजिटल क्लासरूम में नाचते छात्रों का फोटो: पत्रिका

Education Department Action On Viral Reel: कोटा जिले के सुल्तानपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के डिजिटल क्लासरूम में छात्रों द्वारा बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। वायरल वीडियो में कुछ छात्र कथित रूप से क्लासरूम के भीतर हरियाणवी गाने ‘हम तो गुंडे हैं मेडम जी, गुंडागर्दी करते हैं…’ पर नाचते और रील बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये वीडियो 22 जुलाई का बताया जा रहा है।

डिजिटल क्लासरूम में बनाई रील

बताया जा रहा है कि कोटा जिले के सुल्तानपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के डिजिटल क्लासरूम में छात्रों ने मोबाइल फोन से ये रील बनाई और बाद में इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सरकारी स्कूलों में अनुशासन और डिजिटल संसाधनों के उपयोग को लेकर सवाल उठाए हैं। मामले की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन और शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है।

ये बोले प्रिंसिपल

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र मीणा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया। जांच में यदि किसी छात्र की अनुशासनहीनता सामने आती है तो उसके खिलाफ विद्यालय के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि घटना के समय संबंधित कक्षा में निगरानी व्यवस्था कैसी थी।

मामले में शिक्षा विभाग सख्त

उधर शिक्षा विभाग ने भी मामले में सख्त रुख अपनाया है। अतिरिक्त ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्रधानाचार्य से भी इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। शिक्षा विभाग का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का उपयोग केवल शिक्षण कार्य के लिए होना चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उसके आधार पर संबंधित छात्रों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
24 Jul 2026 08:28 am
Published on:
24 Jul 2026 08:28 am