कोटा

Kota Murder: ‘तेरे पास कौन बैठा था…?’, पत्नी के साथ घर लौटे युवक ने दोस्त की चाकू गोदकर की हत्या

Friend Murder Case: कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र में एक दोस्ती खूनी वारदात में बदल गई। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
2 min read
Apr 10, 2026
Kota Murder Case
घटनास्थल का फोटो: पत्रिका

Stabbing To Death In Kota: कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 8.45 बजे शराब के नशे में एक युवक ने दोस्त की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी। शहर में 24 घंटे में दो हत्याओं से लोगों में दशहत फैल गई।

जानकारी के अनुसार वीर सावरकर नगर के मकान नंबर 353 निवासी साबिर अली उर्फ सब्बीर अली (40) गुरुवार रात अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उसका दोस्त नंदा पांचाल आया और उस पर चाकू जैसी धारदार वस्तु से पेट पर एक के बाद एक कई वार किए। हमले से साबिर निढाल होकर गिर पड़ा।

इस बार परिजन व लोग तुरंत उसे लेकर न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

शराब के नशे में वारदात

डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि आरोपी और मृतक आपस में दोस्त थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

मूंगफली बेचकर चलाता था परिवार

बताया जा रहा है कि मृतक वीर सावरकर नगर निवासी साबिर मूंगफली का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, जबकि आरोपी आंवली रोजली क्षेत्र का रहने वाला है।

घर के बाहर ही किया हमला

एएसपी दिलीप सैनी के अनुसार मृतक पत्नी के साथ कहीं से घर लौटा था और घर के बाहर हाथ-मुंह धो रहा था। तभी आरोपी वहां पहुंचा और मृतक से पूछने लगा कि ‘तेरे पास कौन बैठा था?’ इस बात पर मृतक ने जवाब दिया कि ‘तू भी उसे जानता है।’ इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है। घटना के बाद फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Updated on:
10 Apr 2026 12:09 pm
Published on:
10 Apr 2026 12:08 pm