
Attack On Elderly Couple In Kota: कोटा ग्रामीण जिले के अयाना थाना क्षेत्र के कजलिया गांव में बुजुर्ग दंपती पर हमले का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग महिला कमला बाई सुमन की मौत हो गई और उनके पति चुन्नीलाल भी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती को निशाना बनाया। हमले के बाद सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। ग्रामीणों ने जब घर का दरवाजा खोला तो अंदर बुजुर्ग दंपती घायल हालत में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले में महिला कमला बाई सुमन की मौके पर ही मौत हो गई थी और पति चुन्नीलाल के शरीर पर भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि जब चुन्नीलाल ने अपनी पत्नी का शव देखा तो उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें कोटा रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर घर में किस तरह पहुंचे और वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या वजह रही। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा सकती है। वहीं ग्रामीणों से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
अयाना थाना प्रभारी रघुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बुजुर्ग दंपती पर हमला किसने और किस कारण से किया। पुलिस टीम जांच में जुटी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।