कोटा

निर्धन परिवारों के बच्चों में शिक्षा की अलख जगा रहा बाल संस्कार केंद्र

Aug 14, 2026
Rajasthan

अटरू. नगर के पटरी पार वेयर हाउस बस्ती में मजदूर वर्ग के परिवारों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सेवा भारती की ओर से संचालित बाल संस्कार केंद्र नई उम्मीद बनकर उभरा है। माता-पिता के मजदूरी के लिए घर से बाहर चले जाने के कारण कई बच्चे नियमित रूप से विद्यालय नहीं जा पाते थे। ऐसे में सेवा भारती ने बस्ती की इस समस्या को समझते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की पहल की। बाल संस्कार केंद्र में प्रतिदिन दो घंटे निशुल्क कक्षाएं संचालित की जाती हैं। यहां बस्ती के बालक-बालिकाएं अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। बेसिक शिक्षा के साथ बच्चों को खेल-खेल में राष्ट्र प्रेम, एकजुट रहने, बुराइयों से दूर रहने तथा नशे और अन्य दुर्व्यसनों से बचने के संस्कार दिए जा रहे हैं। इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ रही है। सेवा भारती के सह जिला मंत्री राजेंद्र कुशवाह ने बताया कि दो घंटे की कक्षा में बच्चों को पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार देने पर विशेष जोर दिया जाता है। बस्ती निवासी दिनेश सहरिया, विनोद भोई, लक्ष्मण और मोरसिंह ने बताया कि सेवा भारती की पहल से उनके बच्चों को विद्यालय के बाद निशुल्क संस्कार केंद्र में पढ़ने का अवसर मिल रहा है। केंद्र में आने के बाद बच्चे किताब पढ़ना सीख गए हैं, साथ ही धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार भी सीख रहे हैं। जिला प्रकल्प प्रमुख जितेंद्र गौड़ ने बताया कि सेवा भारती की ओर से बस्ती में शिक्षा के साथ मेहंदी एवं सिलाई केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से बालक-बालिकाओं को विभिन्न हुनर सिखाए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रकल्प शिक्षिका साधना बैरवा बाल संस्कार केंद्र का संचालन कर रही हैं।

Updated on:
14 Aug 2026 06:00 am
Published on:
14 Aug 2026 06:00 am