
अटरू. रालसा एवं डालसा के निर्देशानुसार मंगलवार को ट्रांसफॉर्मटिव ट्यूसडे अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को विधिक जानकारी देकर जागरूक किया गया। जवाहर नवोदय विद्यालय में न्यायिक मजिस्ट्रेट नीलम नाहर, निजी विद्यालय में ग्राम न्यायालय मजिस्ट्रेट दिव्यमोहन गुप्ता तथा स्वामी विवेकानंद मॉडल विद्यालय में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शाहिस्ता लोधी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। जवाहर नवोदय विद्यालय में न्यायिक मजिस्ट्रेट नीलम नाहर ने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के साथ अपने आस-पास होने वाली घटनाओं के प्रति जागरूक रहना भी आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति शारीरिक या मानसिक रूप से गलत व्यवहार करता है अथवा अनुचित स्पर्श करता है तो घबराएं या डरें नहीं और इसे स्वीकार न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत अभिभावक एवं शिक्षकों को इसकी जानकारी दें तथा सजग एवं सतर्क रहें। उन्होंने बताया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में डालसा को सूचना दी जा सकती है। विद्यार्थी चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से भी अपनी बात रख सकते हैं। तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव रोनेन्द्र सिंह, पीएलवी अधिकार मित्र जितेंद्र कुमार गौड़, किट्टू कुमारी एवं बृजकन्हैया भी मौजूद रहे। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य चंद्रकला ने आभार व्यक्त किया।