
स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
बड़ाखेड़ा. पापड़ी पंचायत के जाड़ला गांव में बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने से गांव का मुख्य मार्ग इन दिनों परेशानी का कारण बना हुआ है। बारिश के बाद सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पानी जमा होने से रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। छोटे छोटे स्कूली बच्चे इसी रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। कीचड़ और पानी के कारण कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ बच्चे बरसाती पानी में गिरने के बाद कपड़े गंदे होने और रास्ते की स्थिति खराब होने के कारण स्कूल जाने के बजाय वापस घर लौटने को मजबूर हो जाते हैं। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।दुपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह मार्ग जोखिम भरा बना हुआ है। पानी और कीचड़ में वाहन फिसलने से हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीण मनीष कुमार बैरवा, रामफूल बैरवा, जुगराज मीणा, शंभुदयाल मीणा, जगनमोहन वर्मा, दिनेश वर्मा, संतोष मीणा और शांति बाई सहित अन्य लोगों ने पंचायत प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए।