लाइफस्टाइल

Yami Gautam की फेवरेट कांगड़ी धाम का मीठा भात कैसे बनता है? जानें स्टेप बाय स्टेप रेसिपी

Yami Gautam favourite Meetha Bhat Recipe: नवरात्रि में मीठे में कुछ खास बनाने का मन है, तो ट्राई करें हिमाचली कांगड़ी धाम का मीठा भात। जानिए घी, ड्राई फ्रूट्स और मसालों से बनने वाली इस पारंपरिक डिश को घर पर बनाने का आसान तरीका।
3 min read
• •
Oct 14, 2026
Yami Gautam
Yami Gautam favourite मीठा भात Recipe (file photo) image credit instagram/yamigautam

Yami Gautam: अभिनेत्री यामी गौतम इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'नई नवेली' को लेकर चर्चा में हैं, जो 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यामी गौतम मूल रूप से बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं। एक इंटरव्यू में अभिनेत्री ने अपनी पसंदीदा हिमाचली धाम के रूप में कांगड़ी धाम का जिक्र किया था। इस धाम में कई तरह के पारंपरिक पकवान परोसे जाते हैं, जिनमें मीठे चावल यानी मीठा भात भी खास जगह रखते हैं। ऐसे में अगर आप इस नवरात्रि मीठे में कुछ खास बनाने की सोच रहे हैं, तो कांगड़ी धाम की यह पारंपरिक रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। आइए जानते हैं मीठा भात बनाने के लिए जरूरी सामग्री और इसकी आसान विधि।

मीठे चावल बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • बासमती चावल - 2 कप
  • देसी घी - 5 बड़े चम्मच
  • बादाम - 50 ग्राम
  • काजू - 50 ग्राम
  • किशमिश - 50 ग्राम
  • लौंग - 3
  • हरी इलायची - 3
  • दालचीनी - 1 इंच का टुकड़ा
  • कटा हुआ नारियल - 20 ग्राम
  • सूखा नारियल पाउडर - 2 बड़े चम्मच
  • चीनी - 1 कप
  • गरम मसाला - 1 छोटा चम्मच
  • सौंफ - 1 छोटा चम्मच
  • ऑरेंज फूड कलर - 3 से 4 बूंद
  • पानी - जरूरत के अनुसार

स्टेप बाय स्टेप मीठे चावल बनाने का तरीका

1. चावल धोकर मसाले मिलाएं

सबसे पहले बासमती चावल को दो से तीन बार ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद चावल में ऑरेंज फूड कलर की 3 से 4 बूंद डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि सभी दानों पर रंग चढ़ जाए। अब इसमें सौंफ, हरी इलायची, लौंग और दालचीनी डालकर मिला दें। चावल को 10 से 15 मिनट के लिए ऐसे ही रख दें, ताकि उनमें मसालों की खुशबू आने लगे।

2. चावल को पकाएं

एक पैन में पानी गर्म करें। पानी में उबाल आने पर मसाले मिलाए हुए चावल डाल दें। साथ में एक छोटा चम्मच देसी घी भी डालें। चावल को पूरी तरह पकने दें, लेकिन ध्यान रखें कि वे ज्यादा गलें नहीं और उनके दाने टूटने न लगें। चावल पकने के बाद अगर थोड़ा पानी बचा हो, तो पैन को ढककर धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट तक पकाएं, ताकि चावल अच्छी तरह पक जाएं और अतिरिक्त पानी सूख जाए।

3. ड्राई फ्रूट्स और नारियल को घी में भूनें

चावल पकने के बाद एक कड़ाही में थोड़ा देसी घी गर्म करें। इसमें कटे हुए काजू, बादाम और किशमिश डालकर मध्यम आंच पर हल्का भूनें। किशमिश के फूलने और ड्राई फ्रूट्स के हल्के सुनहरे होने पर इन्हें निकालकर अलग रख दें। अब उसी कड़ाही में थोड़ा घी डालकर कटे हुए नारियल को हल्का सुनहरा होने तक भून लें और अलग रख दें।

4. घी में चीनी पिघलाएं

अब कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें और उसमें चीनी डाल दें। चीनी को मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पिघलाएं। इसमें थोड़ा सा पानी डालने से चीनी आसानी से पिघलती है और गांठें बनने की आशंका कम होती है। ध्यान रखें कि चीनी को ज्यादा देर तक न पकाएं और न ही उसे कैरेमलाइज करें।

5. चावल में चीनी, गरम मसाला और ड्राई फ्रूट्स मिलाएं

जब चीनी अच्छी तरह पिघल जाए, तो इसमें पके हुए चावल डाल दें। अब चावल को हल्के हाथों से चलाते हुए चीनी के साथ अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद गरम मसाला और भुने हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर मिला दें। आखिर में सूखा नारियल पाउडर डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि चावल में मिठास और मसालों का स्वाद समान रूप से आ जाए।

6. चावल को धीमी आंच पर दम दें

अब कड़ाही के किनारों से चावल को हल्का सा अलग करें और ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक पकने दें। इससे चावल में घी, मसालों और ड्राई फ्रूट्स का स्वाद अच्छी तरह समा जाएगा। इसके बाद ढक्कन हटाकर चावल को हल्के हाथों से चलाएं। अगर चावल में थोड़ी चिपचिपाहट लगे, तो उन्हें धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक बिना ढक्कन के पकाएं, ताकि अतिरिक्त भाप निकल जाए और चावल खिले-खिले बनें। इस तरह तैयार हो जाएगा हिमाचली कांगड़ी धाम का मीठा भात। 

Updated on:
14 Oct 2026 04:00 pm
Published on:
14 Oct 2026 03:56 pm