21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

चावल बच गए हैं और नाश्ते में कुछ टेस्टी खाना है? बनाएं चीजी वेजी बॉल्स, वेज कटलेट या क्रिस्पी डोसा 

Leftover Rice Recipes: बचे हुए चावल को फेंकने के बजाय बनाएं चीजी वेजी बॉल्स, क्रिस्पी डोसा और वेज कटलेट। यहां जानें इन तीनों रेसिपीज की सामग्री और आसान बनाने की विधि।
3 min read
Google source verification
Leftover Rice Recipes, Crispy Rice Snacks

Leftover Rice Recipes (representative image) image credit Gemini

Crispy Rice Snacks:अक्सर घर में चावल बच जाते हैं और अगले दिन इन्हें लेकर समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए। बचे हुए चावल से आप अलग अलग तरह के नाश्ते तैयार कर सकते हैं। इसमें चीज, सब्जियों और मसालों जैसी सामग्री का इस्तेमाल करके कई तरह की रेसिपी बनाई जा सकती हैं। आइए जानते हैं बचे हुए चावल से बनने वाली कुछ आसान रेसिपीज।

बचे हुए चावल से बनाएं चीजी वेजी बॉल्स

2 कप पके हुए चावल, 1 बारीक कटा टमाटर, 1 बारीक कटी गाजर, 1 कटा प्याज, 3 कटी हरी और लाल मिर्च, स्वादानुसार नमक, 2 छोटी चम्मच पिज्जा सीजनिंग, 1 छोटी चम्मच लाल मिर्च फ्लेक्स, बारीक कटी हरी प्याज, 4 सैंडविच ब्रेड, जरूरत के हिसाब से तेल और मोजेरेला चीज।

बचे हुए चावल से क्रिस्पी चीज बॉल्स बनाने की विधि

चीज बॉल्स बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में पके हुए चावल लें और इसमें टमाटर, गाजर, प्याज, हरी और लाल मिर्च, नमक, पिज्जा सीजनिंग, लाल मिर्च फ्लेक्स और हरी प्याज डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब सैंडविच ब्रेड के किनारे काटकर उसे पानी में डुबोएं और अच्छी तरह निचोड़कर चावल के मिश्रण में मिला दें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर इसका मिश्रण तैयार करें। अब हाथ गीले करके मिश्रण की नींबू के आकार की लोई बनाएं और बीच में मोजेरेला चीज भरकर चारों तरफ से बंद कर दें। इसके बाद अप्पे पैन में थोड़ा तेल डालकर धीमी आंच पर बॉल्स को चारों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें। चीज वाले बॉल्स को हरी चटनी या अपनी पसंद की डिप के साथ सर्व करें।

क्रिस्पी डोसा बनाने के लिए सामग्री

1 कप पके हुए चावल, 3/4 कप सूजी, 3/4 कप दही, 1 छोटी चम्मच नमक, 1/4 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा या 1/2 छोटी चम्मच ईनो या बेकिंग पाउडर, 1/2 कप पानी, तिल का तेल, 5 से 6 सूखी लाल मिर्च, 2 बड़े चम्मच चना दाल, 1 बड़ा चम्मच उड़द दाल, 1 छोटी चम्मच चावल, 1 छोटी चम्मच काली मिर्च, 1/2 छोटी चम्मच नमक, 1 छोटी चम्मच तिल, 1 छोटी चम्मच सूखा नारियल, थोड़े करी पत्ते, 4 से 5 देसी टमाटर, 5 से 6 लहसुन की कलियां, 1 प्याज, 2 से 3 हरी मिर्च, थोड़ी हरी धनिया, 1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर और 1 नींबू का रस लें।

बचे हुए चावल से बनाएं क्रिस्पी डोसा

डोसा बनाने के लिए सबसे पहले सूजी को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह पीस लें। अब इसमें पके हुए चावल डालकर दोनों को पीसें। इसके बाद दही, नमक और आधा कप पानी डालकर एक बार फिर अच्छी तरह पीस लें। तैयार बैटर को करीब 5 मिनट के लिए रख दें। इस बीच गन पाउडर बनाने के लिए पैन में सूखी लाल मिर्च, चना दाल, उड़द दाल, चावल और काली मिर्च डालकर धीमी आंच पर भूनें। जब दाल अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें नमक, तिल, सूखा नारियल और करी पत्ते डालें और गैस बंद कर दें। ठंडा होने के बाद सभी चीजों को मिक्सी में पीसकर गन पाउडर तैयार कर लें। अब डोसा बैटर में बेकिंग सोडा, ईनो या बेकिंग पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। गरम तवे पर थोड़ा तिल का तेल लगाएं और बैटर डालकर पतला डोसा फैलाएं। ऊपर से गन पाउडर डालें और धीमी से मीडियम आंच पर डोसे को क्रिस्पी होने तक पकाएं। अगला डोसा बनाने से पहले तवे पर थोड़ा पानी छिड़ककर साफ कपड़े से पोंछ लें। इससे डोसा आसानी से फैलेगा और चिपकेगा नहीं। टमाटर की चटनी बनाने के लिए टमाटर, लहसुन, प्याज और हरी मिर्च को तेल में पकाएं और फिर नमक, लाल मिर्च पाउडर और नींबू का रस डालकर पीस लें। तैयार क्रिस्पी डोसे को टमाटर की चटनी के साथ सर्व करें।

क्रिस्पी वेज कटलेट बनाने के लिए सामग्री

1 कप पके हुए चावल, 3 मीडियम उबले और कद्दूकस किए हुए आलू, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक, 1/2 छोटी चम्मच इटालियन मिक्स्ड हर्ब्स, 1/2 छोटी चम्मच अमचूर पाउडर, 1/2 छोटी चम्मच जीरा, 1/2 छोटी चम्मच नमक, 1/2 कप बारीक कटा हरा धनिया, जरूरत के अनुसार ब्रेड क्रम्ब्स, 2 बड़े चम्मच मैदा, 1 कप दरदरा पिसा हुआ पोहा, 2 चुटकी नमक और तलने के लिए तेल लें। मैदे की जगह कॉर्नफ्लोर या गेहूं का आटा भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

बचे हुए चावल से वेज कटलेट बनाने की विधि

कटलेट बनाने के लिए सबसे पहले बचे हुए चावल को अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें उबले और कद्दूकस किए हुए आलू, हरी मिर्च, अदरक, इटालियन मिक्स्ड हर्ब्स, अमचूर पाउडर, जीरा, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें थोड़ा थोड़ा करके ब्रेड क्रम्ब्स डालें और अच्छी तरह मिलाकर सॉफ्ट आटे जैसी बाइंडिंग तैयार कर लें। अब हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर मिश्रण की छोटी या बड़ी लोई बनाएं और इन्हें गोल या सिलेंडर शेप दें। इसके बाद एक बाउल में मैदा और करीब 1/4 कप पानी डालकर पतला घोल तैयार करें और इसमें 2 चुटकी नमक मिला दें। तैयार लोई को मैदे के घोल में डुबोकर बाहर निकालें और फिर दरदरे पिसे हुए पोहे में अच्छी तरह लपेट दें। अब गर्म तेल में इन्हें डालकर गोल्डन और क्रिस्पी होने तक फ्राई करें। चाहें तो इन्हें शैलो फ्राई भी कर सकते हैं। तैयार चावल और आलू के क्रिस्पी नाश्ते को गरमागरम सर्व करें।