लखनऊ

‘सपा को बदनाम करना BJP का एजेंडा’, अखिलेश यादव बोले- देश को बचाने का है साल 2027 का विधानसभा चुनाव

Akhilesh Yadav Big Statement: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि साल 2027 का विधानसभा चुनाव देश को बचाने का है।
2 min read
Mar 31, 2026
akhilesh yadav big statement said 2027 assembly elections are to save country up politics
अखिलेश यादव का बड़ा बयान। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Akhilesh Yadav Big Statement: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं होगा, बल्कि यह देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई भी होगा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश को लूटने का काम किया है और पूरे सिस्टम में भ्रष्टाचार व्याप्त हो गया है।

BJP सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सोमवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने BJP सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। हर विभाग में कमीशनखोरी और लूट का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के विकास के लिए आने वाला बजट का पैसा सही जगह खर्च होने के बजाय BJP नेताओं की जेबों में जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता BJP सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जनता के समर्थन से बड़ी जीत हासिल करेगी।

कार्यकर्ताओं को दी खास जिम्मेदारी

सपा प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव में अपनी जिम्मेदारी समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बड़े अंतर से जीतने का लक्ष्य तय करना होगा। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ पर पार्टी को मजबूत बनाते हुए पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएं और समाजवादी नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि कार्यकर्ता पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे तो पार्टी को जीत से कोई नहीं रोक सकता।

BJP पर सपा को बदनाम करने का आरोप

अखिलेश यादव ने BJP पर समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि BJP का एजेंडा सपा की छवि खराब करना है, लेकिन देश और प्रदेश की जनता सच जानती है। उन्होंने दावा किया कि BJP देश की सबसे झूठ बोलने वाली पार्टी बन चुकी है और जनता के बीच उसकी विश्वसनीयता लगातार खत्म हो रही है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आने वाले समय में BJP सत्ता से बाहर होने जा रही है।

सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पंजाब प्रभारी कुलदीप सिंह भुल्लर के नेतृत्व में सिख समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें बताया कि हरिद्वार में स्थित ऐतिहासिक श्रीज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारा को वर्ष 1984 में हटा दिया गया था। उन्होंने बताया कि इतने वर्षों के बाद भी गुरुद्वारा के पुनर्निर्माण के लिए अभी तक अनुमति और उचित स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस मुद्दे पर सिख समाज ने समाजवादी पार्टी से समर्थन और सहयोग की उम्मीद जताई।