लखनऊ

चार दिन से बंद थी बिरयानी की दुकान, डीप फ्रीजर खोलते ही उड़े होश…तुरंत पहुंची पुलिस

Lucknow crime: लखनऊ के बिरयानी शॉप के फ्रीजर में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। 4 दिन बाद दुकान खोलने पहुंचे मालिक के होश उड़ गए जब...
2 min read
Mar 01, 2026
लखनऊ की खबर
प्रतीकात्मक तस्वीर - एआइ

UP Crime News:लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बिरयानी की दुकान के अंदर रखे डीप फ्रीजर में एक अज्ञात युवक का शव मिला। इस खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और आनन-फानन में फॉरेंसिक टीम के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पिता के निधन के कारण बंद थी दुकान

यह घटना बीकेटी थाना क्षेत्र के जीसीआरजी कॉलेज के सामने स्थित एक बिरयानी शॉप की है। दुकान के मालिक सनी रावत के पिता का चार दिन पहले देहांत हो गया था। पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के कारण सनी रावत अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। पिछले चार दिनों से दुकान पूरी तरह से बंद थी और वहां किसी का आना-जाना नहीं था। ऐसी स्थिति में लाश दुकान के अंदर कैसे आई ये किसी को समझ नहीं आ रहा।

फ्रीजर खोलते ही उड़े होश

जब सनी रावत चार दिन बाद अपनी दुकान पर वापस लौटे और कामकाज शुरू करने के लिए डीप फ्रीजर खोला तो उनके होश उड़ गए। फ्रीजर के अंदर एक युवक का शव पड़ा हुआ था। बंद दुकान के अंदर और वो भी फ्रीजर में लाश देखकर सनी सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते दुकान के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलने के तुरंत बाद बीकेटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को फ्रीजर से बाहर निकलवाया और आसपास के सबूत जुटाए। हालांकि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का पता चल पाएगा।

सीसीटीवी से खुलेगा राज

पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने के लिए दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि दुकान बंद रहने के दौरान वहां कौन आया था। इसके साथ ही दुकान मालिक सनी रावत से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक युवक कौन था और वह बंद दुकान के अंदर कैसे पहुंचा।

Published on:
01 Mar 2026 04:29 pm