रामजी लाल सुमन के घर पर करणी सेना के हमले के बाद राजनीति गर्मा गई है। डिंपल यादव ने यूपी की खराब कानून व्यवस्था और स्थिति पर सवाल उठाए, साथ ही योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है।
महाराणा सांगा को लेकर हुए विवाद के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीति में गर्मी बढ़ती जा रही है। हाल ही में समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने राज्यसभा में महाराणा सांगा पर एक विवादित बयान दिया जिसके बाद सियासत गरमा गया है। इस बयान पर विभिन्न नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी, और करणी सेना ने भी रामजी लाल सुमन और समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। करणी सेना ने रामजी लाल सुमन के आवास पर भी हमला कर दिया। अब इस मामले में समाजवादी पार्टी यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ तीखा हमला करने लगी है।
मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने ताजा बयान देते हुए इस मामले में प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर हुए तोड़फोड़ और पथराव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थिति बहुत चिंताजनक है, जहां सड़कों पर बम फट रहे हैं और महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।
इसके आगे डिंपल ने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इस प्रकार की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करे। डिंपल यादव ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, और पूछा कि सरकार युवाओं को क्या संदेश देना चाहती है? उन्होंने इस घटना के लिए सरकार को दोषी ठहराते हुए आरोप लगाया कि यह कहीं न कहीं सरकार की ओर से ही करवाया गया कृत्य है।