Lucknow Fire News : लखनऊ के विकास नगर में भीषण आग से 50 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख। सिलेंडर ब्लास्ट से इलाके में अफरा-तफरी, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर।
लखनऊ : विकास नगर इलाके में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल रही है कि 50 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां अभी तक जलकर राख हो चुकी हैं। सिलेंडरों में लगातार ब्लास्ट हो रहे हैं और ऊंची-ऊंची लपटें आसमान को छू रही हैं। आग की ये लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रही हैं।
आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोग दौड़कर मौके पर पहुंच रहे हैं, लेकिन उनका सारा सामान आग की चपेट में आकर जल रहा है। चारों तरफ रोने-चिल्लाने और हाहाकार का माहौल है।
विकास नगर में लगी भीषण आग पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, बहुत ही भीषण आग लगी है। मौके पर 20 से ज्यादा दमकल गाड़ियां पहुंच चुकी हैं और आग बुझाने का काम तेजी से जारी है।
उन्होंने आगे बताया, दमकल अधिकारियों के अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। हमने एम्बुलेंस बुला ली हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और उन्हें बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
ब्रजेश पाठक ने कहा, हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है कि सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी तरह का जान-माल का नुकसान न हो। उपमुख्यमंत्री ने आग लगने के कारणों की जांच के लिए अधिकारियों को तुरंत निर्देश दे दिए हैं।
वाहन चालक अपनी गाड़ियां बचाने के लिए तेजी से भाग रहे हैं। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और आग बुझाने की कड़ी मशक्कत कर रही हैं। बार-बार हो रहे सिलेंडर ब्लास्ट के कारण दमकलकर्मियों का काम और भी मुश्किल हो गया है।
यह आग विकास नगर की घनी झुग्गी बस्ती में लगी है, जहां ज्यादातर गरीब परिवार रहते हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान बहुत बड़ा हो रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं और राहत कार्य में लगी हुई हैं।
ये भी पढ़ें