लखनऊ

UP News: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत पर मायावती ने जताया दुख, सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग

Greater Noida Family Death: ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने दुख जताते हुए सरकार से बड़ी मांग की है। जानिए क्या है पूरा मामला...
2 min read
• •
Oct 17, 2026
Mayawati, BSP, Greater Noida Family Death, UP News
बसपा सुप्रीमो मायावती (PC: ANI)

Mayawati on Greater Noida Family Death: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में कोहराम मचा दिया है। वहीं अब इस घटना पर बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

मायावती ने जताया दुख और की ये बड़ी मांग

बसपा चीफ मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि नई दिल्ली सीमा पर ग्रेटर नोएडा में संभवत जहरीला खाना खाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो जाने की खबर अति दुखद और चिंतनीय है। मायावती ने यूपी सरकार से सीधे तौर पर अपील करते हुए कहा कि सरकार इस घटना की सही से जांच कराए और इसके दोषियों के खिलाफ जरूर सख्त कार्रवाई करे।

यह है पूरा मामला

यह दिल दहला देने वाली घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव की है। यहां मजदूरी करने वाले 37 वर्षीय महेश उनकी 35 वर्षीय पत्नी ललिता 11 साल के बेटे लड्डू 7 साल की बेटी मिष्टी और 3 साल के बेटे साक्षत का शव उनके ही घर के अंदर बिस्तर पर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब दस बजे पूरा परिवार खाना खाकर सोया था। शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। आवाज लगाने पर भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर बिस्तर पर पांचों लोग बेसुध पड़े थे जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पिता के गले लगा था बेटा और मुंह से निकल रहा था झाग

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने देखा कि एक चारपाई पर महेश अपने बड़े बेटे से लिपटे हुए मृत पड़े थे। वहीं दूसरे बिस्तर पर पत्नी ललिता अपनी दोनों बेटियों के ऊपर हाथ रखकर लेटी हुई थीं। पुलिस के मुताबिक परिवार के सदस्यों के मुंह से झाग भी निकल रहा था। पुलिस ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।

रसोई में मिले नूडल्स पुलिस कर रही जांच

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घर से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। तलाशी के दौरान घर की रसोई में एक बर्तन के अंदर नूडल्स रखे मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि परिवार ने रात में सोने से पहले यही नूडल्स खाए होंगे जिससे फूड पॉइजनिंग हुई होगी। हालांकि पुलिस फूड पॉइजनिंग के साथ-साथ आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं से पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नूडल्स के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।