
patrika Breaking news
Kanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। शनिवार करीब 4 बजे तड़के बिल्हौर में कानपुर अलीगढ़ हाईवे पर लोडर एक कंटेनर से टकरा गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि लोडर में देखते ही देखते आग लग गई। हादसे में लोडर के परिचालक सत्यभान की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक श्याम यादव ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। आग की चपेट में आने से लोडर में लदी 10 इलेक्ट्रिक बाइकें भी पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
जानकारी के अनुसार यह हादसा कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र में कानपुर अलीगढ़ हाईवे पर लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे अंडरपास के नीचे हुआ। फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर निवासी ड्राइवर श्याम यादव अपने कंडक्टर सत्यभान के साथ लोडर लेकर कानपुर से फर्रुखाबाद जा रहे थे। शनिवार तड़के करीब चार बजे हाईवे पर तेज रफ्तार लोडर चला रहे ड्राइवर श्याम यादव को अचानक झपकी आ गई। झपकी आते ही अनियंत्रित लोडर सीधे आगे चल रहे एक बड़े कंटेनर के पीछे जा घुसा।
टक्कर के तुरंत बाद लोडर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही ड्राइवर श्याम यादव ने तो तुरंत अपनी तरफ का दरवाजा खोला और नीचे छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। लेकिन कंडक्टर सत्यभान की तरफ वाली खिड़की लाख कोशिशों के बाद भी नहीं खुल सकी। खिड़की जाम होने के कारण सत्यभान लोडर के अंदर ही बुरी तरह फंस गया। आग इतनी तेजी से फैली कि सत्यभान को बाहर निकलने का कोई मौका ही नहीं मिला और आग की तेज लपटों के बीच उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण लोडर कंटेनर से टकराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में परिचालक की मौत से उसके परिवार में मातम छा गया।
Updated on:
17 Oct 2026 02:25 pm
Published on:
17 Oct 2026 01:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
