लखनऊ

UP Politics: ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर कसा तंज, बोले- मत भूलना! यूपी में कानून का राज है

Om Prakash Rajbhar: 'अखिलेश यादव चाह रहे हैं कि प्रदेश में दंगा हो, क्योंकि उनकी सरकार में दंगे होते थे', ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजभर ने बलिया की घटना का हवाला देते हुए सपा शासनकाल के दौरान हुई आपराधिक वारदातों और दंगों का जिक्र भी किया।
2 min read
Jul 14, 2026
Om Prakash Rajbhar, Akhilesh Yadav, Samajwadi Party, UP Politics News, Ballia Incident, ओम प्रकाश राजभर, अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी, यूपी राजनीति, UP Election 2027, OP Rajbhar Statement On akhilesh Yadav, UP News
ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तंज (फोटो- पत्रिका)

Om Prakash Rajbhar Statement On Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर बड़ा बयान दिया है। राजभर ने सपा पर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने और अपराधियों को शह देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता राज्य में फिर से पुराना माहौल बनाना चाहते हैं लेकिन वे भूल रहे हैं कि अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित है।

बलिया की घटना का किया जिक्र

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने हालिया बलिया दौरे का हवाला देते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने बताया कि वे 11 जुलाई को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बलिया गए थे। उस दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और कुछ असामाजिक तत्वों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। राजभर के मुताबिक अपराधी हाथों में सपा का झंडा लेकर खुलेआम सड़कों पर घूम रहे थे और व्यवस्था को चुनौती दे रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को यह समझ लेना चाहिए कि अब राज्य में पूरी तरह कानून का शासन है।

सपा राज के अपराधों को किया याद

पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री ने पुरानी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय एक ऐसा गिरोह सक्रिय था जो चलती गाड़ियों के शीशों पर अंडे फेंक देता था जिससे चालकों को आगे दिखना बंद हो जाता था। गाड़ी रुकते ही वे लोगों के साथ लूटपाट करते थे। राजभर ने बदायूं और बुलंदशहर की पुरानी दर्दनाक घटनाओं का भी हवाला दिया और कहा कि उस दौर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थी और महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं।

अखिलेश यादव पर दंगा भड़काने का आरोप

राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वे प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव और दंगे भड़काना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा के शासनकाल में दंगे और कर्फ्यू आम बात थी जिससे आम-जन को भारी नुकसान उठाना पड़ता था। राजभर के अनुसार मौजूदा सरकार में राज्य पूरी तरह शांत है और सभी वर्ग के लोग सुरक्षित महसूस करते हुए अपना काम कर रहे हैं जो सपा नेतृत्व को बर्दाश्त नहीं हो रहा है।

'आतंकराज' नाम से शुरू की नई श्रृंखला

राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 'सपा का आतंक राज पार्ट 1' शीर्षक से एक पोस्ट भी साझा की है। इसमें उन्होंने सपा सरकार के समय की कई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह हर दिन एक जिले का उदाहरण देकर सपा सरकार के कार्यकाल की घटनाओं को जनता के सामने रखेंगे। पोस्ट के अंत में उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि वह एक-एक जिले का हिसाब जनता के सामने रखेंगे।