
लखनऊ. अयोध्या में 24 नवम्बर को शिवसेना के कार्यक्रम को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय राउत ने मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुलाकात के बाद संजय राउत ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के अयोध्या दौरे को लेकर चर्चा हुई है। इसके अलावा सीएम से किन मुददों पर बात हुई, संजय राउत टाल गये। उन्होंने कहा कि अंदर की बात अंदर ही। गौरतलब है कि राम मंदिर निर्माण कराने की मांग लेकर उद्धव ठाकरे 24 नवम्बर को रामनगरी पहुंच रहे हैं।
सोमवार को लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा था कि शिवसैनिक अगर बाबरी का ढांचा न ढहाते तो आज राम मंदिर निर्माण की बात नहीं होती। अयोध्या मामले में शिवसैनिकों का योगदान भुलाया नहीं जा सकता है।
24 नवम्बर को अयोध्या में होंगे शिवसेना प्रमुख
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर 24 नवम्बर को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे अयोध्या पहुंच रहे हैं। शिवसेना ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार से राम मंदिर पर अध्यादेश लाने की मांग की है। 24 नवम्बर की दोपहर करीब दो बजे उद्धव ठाकरे विशेष विमान से अयोध्या पहुंच रहे हैं। लक्ष्मण किला में आशीर्वाद समारोह है, जिसकी अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास करेंगे।