
Shiva Sharma Murder Case Shraddha Dubey Arrested: हाईप्रोफाइल शिवा शर्मा हत्याकांड में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और लखनऊ पुलिस ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की एक टीम ने UP STF के साथ मिलकर की। नागपुर क्राइम ब्रांच के सीनियर अधिकारी दीपक अग्रवाल ने दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की। इस अभियान में लखनऊ पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और महाराष्ट्र के पुलिसकर्मियों के बीच समन्वय शामिल था।
लखनऊ पुलिस आयुक्त तरुण गौबा ने बताया कि रेस्तरां मालिक शिव शर्मा की मौत के सिलसिले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मॉडल श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मी दुबे और उनके ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को नागपुर में गिरफ्तार किया गया है। तीनों फरार थे और खबरों के मुताबिक उन पर कुल मिलाकर 50,000 रुपये का इनाम था। गौबा ने बताया कि उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है और अदालत में पेश किया जाएगा।
ये गिरफ्तारियां भारत और नेपाल में कई स्थानों पर तलाशी अभियान के बाद हुईं। जांचकर्ताओं ने आरोपियों का पता तब लगाया जब वे कथित तौर पर नेपाल भाग गए, फिर उत्तर प्रदेश लौट आए और महाराष्ट्र के नागपुर चले गए।
9 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। परिवार के आरोप पर हत्या का केस दर्ज हुआ है। मुख्य आरोपी मॉडल-इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे घटना के दिन से फरार चल रही थी।
28 साल के शर्मा की मौत को शुरू में गलती से गिरना माना गया था, लेकिन उनके परिवार ने आरोप लगाया कि बिल्डिंग से फेंकने से पहले उन पर हमला किया गया और उन्हें टॉर्चर किया गया, जिसके बाद यह एक संदिग्ध हत्या का मामला बन गया।
आपको बता दें कि 31 वर्षीय दुबे एक फैशन मॉडल और शर्मा की कथित लिव-इन पार्टनर है। दुबे इस हत्याकांड में दर्ज आरोपियों में से एक है। उसकी बहन रश्मि दुबे, उनके ड्राइवर और दो अन्य लोगों का भी नाम भी इस मामले में दर्ज है।