19 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

शिवा शर्मा हत्याकांड: मॉडल श्रद्धा दुबे केस में तीसरी बड़ी कार्रवाई, इंस्पेक्टर-DCP के बाद ACP भी हटाए गए

Lucknow Crime News: लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी नहीं होने पर ACP रजनीश वर्मा को हटा दिया गया। इससे पहले DCP और हजरतगंज इंस्पेक्टर पर कार्रवाई हुई थी। श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

•

image

Ankit Sai

•

Oct 19, 2026

News

मॉडल श्रद्धा दुबे (X Photo Ashu9621101476)

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को गिरफ्तार नहीं कर पाने पर पुलिस विभाग में तीसरी कार्रवाई हुई है। सोमवार को ACP हजरतगंज रजनीश वर्मा को भी उनके पद से हटा दिया गया। इससे पहले DCP मध्य विक्रांत वीर को मुख्यालय से संबद्ध किया गया था और हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया गया था। इस बीच श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश के साथ फरार है। पुलिस की टीमें नेपाल और पश्चिमी यूपी में उसकी तलाश कर रही हैं, जबकि श्रद्धा के वीडियो और मीडिया बाइट सामने आ चुके हैं।

ACP हजरतगंज की जगह अभिषेक पांडेय तैनात

पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने सोमवार को ACP हजरतगंज रजनीश वर्मा को हटाकर ACP क्राइम के पद पर भेज दिया। उनकी जगह अभिषेक पांडेय को हजरतगंज की जिम्मेदारी दी गई है। अभिषेक इससे पहले ACP कैसरबाग के पद पर तैनात थे। वहीं, गौरव उपाध्याय को ACP कैसरबाग बनाया गया है। वह पहले पुलिस आयुक्त कार्यालय से संबद्ध थे।

इन तीनों अधिकारियों का करीब चार महीने पहले ही तबादले के बाद नई जगह पर पदस्थापन हुआ था। इससे पहले रविवार को DCP मध्य विक्रांत वीर को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया था। सोमवार को उनकी जगह DCP ट्रैफिक रहे अर्पित विजयवर्गीय को DCP मध्य बनाया गया। उनके पास क्षेत्रीय अभिसूचना का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को पहले ही लाइन हाजिर किया जा चुका है।

हाईकोर्ट पहुंची, फिर भी पुलिस को नहीं लगी भनक

पुलिस के मुताबिक, शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश के साथ नेपाल पहुंच गई थी। तीनों सोनौली बॉर्डर से भारत में दाखिल हुए और रविवार को लखनऊ हाईकोर्ट परिसर पहुंचे। यहां श्रद्धा ने अधिवक्ताओं से मुलाकात की और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद वह वहां से निकल गई।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धा ने आगरा जाते समय एक्सप्रेसवे पर न्यूज एजेंसी को बाइट भी दी। इसके बाद उसके सहारनपुर पहुंचने की बात सामने आई। पुलिस लगातार तीनों के नेपाल में छिपे होने की आशंका के आधार पर उनकी तलाश कर रही थी। श्रद्धा के वीडियो और मीडिया बाइट सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे।

50 हजार रुपये किया गया इनाम

श्रद्धा समेत तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने इनाम की राशि भी बढ़ा दी है। रविवार को तीनों की गिरफ्तारी के लिए घोषित इनाम 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। नेपाल के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

9 अक्टूबर को हुई थी शिवा की मौत

लखनऊ के हजरतगंज इलाके में 9 अक्टूबर को कारोबारी शिवा शर्मा श्रद्धा दुबे के फ्लैट से संदिग्ध हालात में गिर गए थे। 10 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद उनकी मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस के मुकदमा दर्ज करने से पहले ही श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के नेपाल चले जाने की बात सामने आई। जांच के दौरान कई जगहों के CCTV फुटेज भी सामने आए। श्रद्धा की गाड़ी रुपईडीहा से बरामद की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे हैं। उनकी तलाश में करीब 10 टीमें जुटी हैं और नेपाल पुलिस की मदद भी ली जा रही है।

बड़ी खबरें

View All

लखनऊ

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग