
Theft at SP MLA official residence: लखनऊ में सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के घर चोरी की घटना हुई है। इसकी जानकारी तब हुई जब रविदास मेहरोत्रा ने घर की इमरजेंसी चाबी से दरवाजा खोला। घर के अंदर रखा कंप्यूटर और आईफोन गायब मिला। सीसीटीवी फुटेज में देखने के बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ, जिसमें सपा विधायक के सोशल मीडिया कर्मचारी ने ही घर में चोरी की। जो विधायक का ट्विटर, इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप आदि अपडेट करता था। इस संबंध में थाने में तहरीर देकर विधायक ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगा दिया गया है। मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ के हुसैनगंज थाना अंतर्गत रॉयल होटल-4 के फ्लैट नंबर 31 और 32 में सपा विधायक का निवास है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट देखने के लिए अरिहंत जैन को रखा था, जो फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप आदि पर एक्टिव रहते हुए विधायक की जानकारी अपडेट करता था।
बीते 21 और 22 मई की रात को अरिहंत जैन अचानक गायब हो गया। सोशल मीडिया अकाउंट देखने के लिए अरिहंत जैन को विधायक ने एक आईफोन और दो कंप्यूटर सिस्टम मुहैया कराया था। रात में 21 और 22 की रात में विधायक ने जब फोन करके संपर्क करने का प्रयास किया, तो बातचीत नहीं हो पाई। कभी फोन स्विच ऑफ तो कभी ऑन होने के बाद भी बातचीत नहीं होती थी।
रविदास मेहरोत्रा ने हुसैनगंज थाना में तहरीर देकर बताया कि उन्हें गड़बड़ी की आशंका हुई तो दूसरी चाबी मंगा कर दरवाजा खोला। अंदर कंप्यूटर सिस्टम सहित अन्य सामान गायब था। सीसीटीवी फुटेज देखा तो अरिहंत जैन कार में सामान लेकर जाता दिखाई पड़ा। जिसने सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने का भी प्रयास किया।
मिली तहरीर के आधार पर हुसैनगंज थाना पुलिस ने संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अरिहंत जैन की लोकेशन को ट्रेस करने के लिए मोबाइल को सर्विलांस में लगाया गया है। थाना पुलिस ने बताया कि जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।