
UP Congress President Aradhana Mishra Statement: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आराधना मिश्रा मोना ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रियंका गांधी की भूमिका और आगामी चुनावों में सीट बंटवारे को लेकर अहम बयान दिया है। सोमवार को उन्होंने देश के मौजूदा सियासी हालात और मतदाता सूची से जुड़े SIR मुद्दे पर भी खुलकर अपनी बात रखी। आराधना मिश्रा ने साफ किया कि यूपी को लेकर होने वाले हर बड़े फैसले में प्रियंका गांधी की सक्रिय भूमिका होती है।
उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी की सक्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर आराधना ने कहा कि प्रियंका गांधी ने हमेशा यूपी में अपनी जिम्मेदारियां पूरी सक्रियता के साथ निभाई हैं और आगे भी वह ऐसा ही करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि जब भी गठबंधन या किसी तरह की सियासी बातचीत होती है तो प्रियंका गांधी हमेशा उस पूरी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं। उनके पास बहुत लंबा अनुभव है और उन्होंने लंबे समय तक यूपी में संगठन की जिम्मेदारी संभाली है। इसलिए यूपी से जुड़ा कोई भी फैसला लेते समय हमेशा उनसे सलाह ली जाती है और वह सक्रिय भूमिका निभाती हैं।
आगामी चुनावों और गठबंधन में सीटों के बंटवारे के सवाल पर आराधना मिश्रा ने बताया कि अभी तक सीटों की संख्या को लेकर कोई अंतिम चर्चा नहीं हुई है। हालांकि हमारे संगठन और शीर्ष नेतृत्व ने चुनावी तैयारियों की पूरी समीक्षा की है और सभी को अपनी अपनी तैयारियां तेज करने को कहा है। कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे इस मुद्दे पर बातचीत आगे बढ़ेगी स्थिति और भी ज्यादा साफ हो जाएगी। फिलहाल यह पूरी प्रक्रिया बहुत ही शुरुआती दौर में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जैसे जैसे बातचीत आगे बढ़ेगी, गठबंधन और सीटों को लेकर तस्वीर साफ होती जाएगी।
अराधना मिश्रा मोना ने SIR के नाम पर सामने आ रही कथित गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश के दुश्मनों के खिलाफ एकजुट रहना राष्ट्रीय कर्तव्य है। सभी को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लेकिन आज लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। SIR के नाम पर सामने आ रही गड़बड़ियां और भ्रष्टाचार बेहद चिंताजनक हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए इन मामलों पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।