
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 300 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया (PC: Facebook/ Keshav Prasad Maurya)
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को फतेहपुर में अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं आगामी 2027 विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के PDA नारे और राहुल गांधी को लेकर कई बड़ी बातें कहीं। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 का प्रदर्शन दोहराएगी और 300 से ज्यादा सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बनाएगी।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो जाएगा और भाजपा 300 पार सीटें जीतकर तीसरी बार अपनी सरकार बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक क्षेत्र की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशियों की एकतरफा जीत का विश्वास जताया है। मतदाता सूची और फर्जी वोटों को लेकर केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा न तो फर्जी वोट जुड़वाने का काम करती है और न ही फर्जी वोट डलवाती है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) नारे पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि यह तो वही बात हुई कि, "सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे तब कन्नौज में डॉ भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज से उनका नाम हटा दिया गया था। इसके अलावा गाजियाबाद में आजम खान ने बाबा साहब को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी तब भी अखिलेश ने इसका कोई विरोध नहीं किया था। केशव मौर्य ने कहा कि ऐसे में सपा नेता अब खुद को दलितों और पिछड़ों का हितैषी नहीं बता सकते।"
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने राहुल पर विदेशी शक्तियों के इशारे पर देश का माहौल बिगाड़ने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। मौर्य ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में झूठे प्रचार के दम पर सपा और कांग्रेस को कुछ सीटें मिल गईं जिससे विपक्ष का अहंकार काफी बढ़ गया है। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें भारत में बांग्लादेश या श्रीलंका जैसे हालात होने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। अगर उनके पास कोई मुद्दे हैं तो वे जनता के बीच जाएं भाजपा उनके हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
फतेहपुर में अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान उप-मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जिलों को आवास आवंटित कर दिए गए हैं। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय से आवास का लाभ मिलना चाहिए और निर्माण कार्य भी जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। मौर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का साफ लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी गरीब अब कच्चे मकान या झोपड़ी में न रहे। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में करीब साढ़े छह लाख प्रधानमंत्री आवास आए हैं जिनका लाभ लगातार जरूरतमंदों को दिया जा रहा है।
संबंधित विषय:
Updated on:
19 Oct 2026 05:45 pm
Published on:
19 Oct 2026 04:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
