15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Shraddha Dubey Case: शिव शर्मा हत्याकांड में नया अपडेट, पुलिस की पकड़ से बाहर श्रद्धा दुबे मीडिया के सामने आई; जानिए क्या कहा

Shiva Sharma Murder Case Update: शिव शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपियों की तलाश में लखनऊ पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। DCP के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद के लिए इनाम बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच श्रद्धा दुबे का एक वीडियो सामने आया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Mohsina Bano

•

Updated: 19 Oct 2026, 2:13 PM IST

Shiv Sharma Murder Case, Shiv Sharma Death Case Update, Shraddha Dubey, UP Police, UP News

शिव शर्मा मर्डर केस में आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम बढ़ाने की तैयारी (PC: InstagramPhoto shraddha dubey)

Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। जिसके चलते उत्तर प्रदेश की हाईटेक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मॉडल श्रद्धा दुबे पिछले 9 दिनों से पुलिस को चकमा दे रही है। हैरानी की बात यह है कि लखनऊ से लेकर नेपाल और पश्चिमी यूपी तक पुलिस का पूरा तंत्र जिस श्रद्धा को तलाशने में दिन-रात एक किए हुए था उसी श्रद्धा ने अचानक मीडिया के सामने आकर बाइट दे दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में श्रद्धा ANI के माइक के सामने बात करती नजर आ रही है जिसमें उसने खुद को बेगुनाह बताया। उसने दावा किया कि शिवा शर्मा ने उसकी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी। श्रद्धा के मुताबिक, बिल्डिंग में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।

बिल्डिंग के CCTV फुटेज सामने लाए जाएं

श्रद्धा ने दावा किया है कि उसने शिवा को धक्का नहीं दिया बल्कि शिवा ने खुद उसकी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की है। उसने मांग की कि बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की जाए जिससे पूरी सच्चाई सामने आ सके। श्रद्धा ने सवाल उठाया कि जब मामले में दूसरी जगहों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, तो उसकी बिल्डिंग में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग सामने क्यों नहीं लाई जा रही है। उसने दावा किया कि फुटेज से उसकी बेगुनाही साबित हो सकती है। यह श्रद्धा का पक्ष है। इसकी पुष्टि जांच में उपलब्ध सबूतों से ही हो सकेगी।

शिवा को चार महीने से जानने का दावा

श्रद्धा के मुताबिक, वह शिवा शर्मा को करीब 4 महीने से जानती थी। दोनों के बीच लगभग ढाई महीने तक दोस्ती रही और पिछले 2 महीने से शिवा उसके घर आने लगा था। श्रद्धा ने शिवा के परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया। सोशल मीडिया पर अलग अलग लोगों के साथ उसकी तस्वीरों को लेकर किए जा रहे दावों पर भी उसने आपत्ति जताई। श्रद्धा ने कहा कि किसी के साथ तस्वीर खिंचवाने का मतलब यह नहीं है कि उससे कोई संबंध हो।

कर्ज में डूबा था शिवा

श्रद्धा ने शिवा की आर्थिक स्थिति पर बात करते हुए दावा किया कि शिवा पर करीब 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था। कर्जदारों के लगातार फोन आने की वजह से वह काफी परेशान और तनाव में रहता था। श्रद्धा ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक महीने पहले शिवा उसके घर से 5 से 6 लाख रुपये के गहने ले गया था। उसने कहा कि एक वीडियो में शिवा ने खुद गहने वापस करने की बात भी कबूली थी।

घटनास्थल से भागने की बताई वजह

घटना के बाद वहां से भागने के सवाल पर श्रद्धा ने सफाई दी कि उसे सांस लेने में दिक्कत है और घटना के बाद वह गहरे सदमे में आ गई थी। उसने यह भी दावा किया कि उसके ड्राइवर के साथ मारपीट की गई और उन पर हत्या का आरोप मढ़ा जाने लगा जिससे घबराकर वह वहां से चली गई थी।

बहन रश्मि दुबे को लेकर किया ये दावा

श्रद्धा ने अपनी बहन रश्मि दुबे का नाम इस केस में आने पर आपत्ति जताई। उसने कहा कि उसकी बहन को इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और बेवजह उसे फंसाया जा रहा है। श्रद्धा ने पुलिस और न्यायपालिका से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उसने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना सही नहीं है।

कोर्ट में सरेंडर कर सकती है मुख्य आरोपी

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की बढ़ती दबिश के बीच यह जानकारी सामने आई है कि हत्या की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे कोर्ट में सरेंडर कर सकती है। उसने जिला अदालत में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी दाखिल कर दी है। पुलिस को भी एक आरोपी के आत्मसमर्पण के आवेदन की जानकारी मिली है और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि बीते 9 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शिवा पिछले चार महीने से मॉडल श्रद्धा के साथ लिव इन में रह रहा था। घटना के बाद शिवा का शव जब मिला तो उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था चेहरे पर लिपस्टिक के निशान थे और शरीर पर कई जगह सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले थे। शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का सीधा आरोप है कि श्रद्धा ने ही शिवा को चौथी मंजिल से नीचे धक्का देकर मारा है। हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह का कहना है कि पुलिस टीमें पूरी सक्रियता से लगी हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।