लखनऊ

UP SIR: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आज आखिरी मौका, घर बैठे करें आवेदन, जानें फॉर्म 6, 7 और 8 का पूरा गणित

UP SIR: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची पुनरीक्षण का आज अंतिम दिन है। मतदाता ऑनलाइन पोर्टल या बीएलओ के पास जाकर आज शाम तक अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

2 min read
Mar 06, 2026
यूपी एसआइआर

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का आज अंतिम दिन है। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि इसके बाद समयसीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। अगर आपने अभी तक अपना नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं कराया है तो आज आपके पास मौका है।

ये भी पढ़ें

मां के सामने ही बेटी का गला रेता, फिर पेट और सिर पर कुल्हाड़ी से किए वार, तड़प-तड़प कर मौत

घर बैठे या बूथ पर जाकर करें आवेदन

यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अंतिम दिन बीएलओ (BLO) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहें। मतदाता दो तरीकों से आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करने के लिए अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र (बूथ) पर जाकर बीएलओ को फॉर्म सौंपें। ऑनलाइन माध्यम से करने के लिए चुनाव आयोग के ECI Net App या आधिकारिक पोर्टल www.voters.eci.gov.in पर जाकर घर बैठे आवेदन करें।

क्या हैं फॉर्म 6,7 और 8

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 भर सकते हैं। वहीं मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए फॉर्म 7 भरना होगा। किसी अन्य प्रकार के संशोधन के लिए फॉर्म 8 का प्रयोग किया जा रहा है।

82 लाख से ज्यादा नए वोटरों ने भरा फॉर्म-6

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, यूपी में अब तक कुल 82.34 लाख लोगों ने मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरा है। यह अभियान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह विशेष गहन पुनरीक्षण करीब 20-22 साल बाद किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जो लोग आज फॉर्म भरेंगे उनका नाम एसआईआर (SIR) के तहत तैयार होने वाली मुख्य सूची का हिस्सा बनेगा।

3.26 करोड़ मतदाताओं को भेजे गए नोटिस

इस बार की प्रक्रिया में पारदर्शिता पर बड़ा जोर है। निर्वाचन विभाग ने वर्ष 2003 की सूची से मिलान न होने वाले और विसंगतियों वाले कुल 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किए हैं। इनमें से 78 प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। वहीं नाम कटवाने के लिए अब तक 2.84 लाख लोगों ने फॉर्म-7 भरा है जिनमें मृत या शिफ्ट हो चुके मतदाता शामिल हैं।

महिलाओं की भागीदारी पर विशेष फोकस

निर्वाचन विभाग इस बार महिलाओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रहा है। बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर जाकर महिलाओं को जागरूक करें ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी हिस्सेदारी बढ़ सके। इसके लिए बूथों पर पर्याप्त मात्रा में फॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं।

ये भी पढ़ें

मेरठ में पाकिस्तानी महिला की गिरफ्तारी में नया मोड़, वकील का दावा- सबा को जिस वोटर कार्ड पर भेजा जेल, वो प्रोफेसर की पत्नी

Published on:
06 Mar 2026 04:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर