लखनऊ

‘युवाशक्ति सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं है’, CM योगी बोले- देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हथियाना चाहते हैं कुछ लोग

Yogi Adityanath News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने सत्ता परिवर्तन की कोशिशों और अराजकता फैलाने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता जनादेश से मिलती है, अराजकता से नहीं। युवाओं का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण होना चाहिए, किसी की सत्ता की भूख मिटाना नहीं।
2 min read
• •
Oct 16, 2026
सीएम योगी
सीएम योगी (फोटो सोर्स ANI)

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता जनता के जनादेश से मिलती है, अराजकता से नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाली ताकतें युवाओं को राष्ट्र निर्माण के बजाय अराजकता की ओर ले जाना चाहती हैं। योगी ने कहा कि चुनाव सुधार, न्याय और लोकतंत्र के नाम पर देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश करने वालों को समझना चाहिए कि भारत का लोकतंत्र जनता के विश्वास पर टिका है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब विपक्ष वोट चोरी के आरोप लगाकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

सत्ता का रास्ता जनादेश से निकलता है- सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं। उन्होंने बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाली ताकतों पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी ताकतें युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल देने के बजाय अराजकता के औजार थमाना चाहती हैं।

चुनाव सुधार के नाम पर अस्थिरता का आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव सुधार का मुखौटा, न्याय का नारा और लोकतंत्र की दुहाई देकर देश में अस्थिरता के बीज बोने वालों को यह समझना चाहिए कि भारत का लोकतंत्र जनता के विश्वास की जड़ों पर खड़ा विशाल वटवृक्ष है। उन्होंने कहा कि षड्यंत्रों के तूफान इस लोकतांत्रिक व्यवस्था को हिला नहीं सकते।

‘युवाओं का मकसद राष्ट्र निर्माण’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाशक्ति भारत का भविष्य संवारने के लिए है, किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जनता ने राजनीति के इन मारीचों और कालनेमियों को पहचानकर ही सत्ता से दूर रखा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अब ये ताकतें देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हासिल करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि देश उनकी इस राजनीतिक साजिश को कभी सफल नहीं होने देगा।

वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष का प्रदर्शन

कांग्रेस समेत विपक्षी दल भाजपा सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहा है और इसे लेकर प्रदर्शन जारी हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष की रणनीति पर सवाल उठाते हुए जनादेश को लोकतंत्र का आधार बताया है।

Updated on:
16 Oct 2026 01:39 pm
Published on:
16 Oct 2026 01:12 pm