पुलिस अंकल, मम्मी ने मामा को मरवा दिया। पहले मम्मी के दोस्त से मामा का झगड़ा हुआ। इसके बाद मम्मी ने गोली मरवा दी। 10 साल के बच्चे की जुबान से खुला खौफनाक राज।
मैनपुरी में युवती ने प्रेमी से अपने सगे भाई की हत्या करा दी। भाई ने बहन को उसके प्रेमी के साथ घर के भीतर आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। विरोध किया तो बहन ने प्रेमी से भाई की गोली मारकर हत्या का दी। वारदात का खुलासा महिला के 10 साल के बेटे ने किया है। आरोपी बहन और उसके प्रेमी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना किशनी थाना क्षेत्र के कुसमरा गांव की है। फर्रुखाबाद के करथिया गांव करन मिश्रा(25वर्ष) मंगलवार को अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल छोड़ने आया था। उसके जीजा दिलीप महाराष्ट्र के पुणे में आईटी कंपनी में काम करते हैं। रात अधिक होने की वजह से करन वहीं रुक गया। इसी दौरान रात करीब 12 बजे पूजा का प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू उससे मिलने घर आया।
करन की अचानक आंख खुली तो उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। विरोध करने पर जितेंद्र और करन के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि इस दौरान पूजा ने अपने प्रेमी का साथ दिया और उसी के कहने पर जितेंद्र ने करन पर फायर झोंक दिया। गोली करन की आंख को छलनी करते हुए सिर के पार निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी जितेंद्र ने अपने भाई जूली को मौके पर बुलाया। दोनों ने करन के शव को बाइक पर लादा और घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नदी किनारे ले जाकर जंगल में छिपा दिया। सुबह होते ही आरोपी पूजा ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की साजिश रची। उसने मायके वालों से कहा कि करन रात में ही वहां से निकल गया था।
इतना ही नहीं पूजा खुद अपने प्रेमी के साथ किशनी थाने पहुंची और भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने का नाटक करने लगी। वह पुलिस को कहानी सुना ही रही थी कि तभी गांव से आए एक फोन ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पूजा जब थाने में थी तब गांव के पड़ोसियों ने उसके 10 साल के बेटे रितिक से करन के बारे में पूछताछ की। डरे हुए बच्चे ने पड़ोसियों को बताया कि रात में उसकी मां के दोस्त जितेंद्र ने मामा को गोली मार दी थी। बच्चे ने यह भी बताया कि उसकी मां ने उसे यह बात किसी को न बताने की धमकी दी थी।
पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने पूजा और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर धर्मगदपुर गांव के पास वाले जंगल से शव बरामद कर लिया।
मृतक करन के बड़े भाई मोहित ने बताया कि करन अविवाहित था और पुलिस में भर्ती होना चाहता था। उसने मार्च में ही दरोगा भर्ती की परीक्षा दी थी। पूजा के तीन बच्चे हैं। उसका आरोपी जितेंद्र के साथ पिछले 5 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जितेंद्र भी शादीशुदा है और उसके भी 3 बच्चे हैं।
एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पूजा, उसके प्रेमी जितेंद्र और उसके भाई जूली को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।