थाना सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार रात भीषण सड़क हादेस में बुलंदशहर के न्यायिक अधिकारी की मौत हो गई।
मथुरा। थाना सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार रात भीषण सड़क हादेस में बुलंदशहर के न्यायिक अधिकारी की मौत हो गई। न्यायिक अधिकारी मथुरा में निवास कर रहे अपने परिवार के पास आ रहे थे। उनकी कार पुलिया से टकराई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें मथुरा के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यहां की है घटना
शनिवार की शाम को करीब छह बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर क्षेत्र की है। अरविंद विकास चौधरी 2006 में मथुरा में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट रह चुके हैं। उनकी पत्नी पूनम चौधरी यहां फरह ब्लॉक के परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका हैं। बताया जाता है कि एसीजेएम प्रथम बुलंदशहर शाम को मथुरा आने के लिए निकले थे। वह खुद ही अपनी क्रेटा गाड़ी ड्राइव करके ला रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर कोतवाली क्षेत्र में माइल स्टोन (79) पर गांव लमतौरी के पास उनकी गाड़ी अंडरपास की पुलिया से टकराकर पलट गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
परिवार में मचा कोहराम
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए न्यायिक अधिकारी को एंबुलेंस नयति अस्पताल लेकर दौड़ी, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही परिवार वाले भी अस्पताल पहुंच गए थे। मथुरा के कई न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए। न्यायिक अधिकारी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।