मथुरा

काल बनकर दौड़ी तेज रफ्तार! मथुरा में रजबहे में पलटी कार, चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

Mathura Accident News: मथुरा के मगोर्रा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रजबहे में गिर गई, जिससे सगाई समारोह में जा रहे चार युवकों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई।

2 min read
Feb 19, 2026
mathura car accident rajbaha 4 youths die
काल बनकर दौड़ी तेज रफ्तार! Image - X/@ANI

Mathura Car Accident:उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। मगोर्रा थाना क्षेत्र के नगला देविया मोड़ पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने रजबहे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों ने की बचाने की कोशिश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार गिरते ही आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत रजबहे की ओर दौड़े और युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की। पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कत आई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कार से युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चारों युवक बेसुध हालत में मिले। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को रजबहे से बाहर निकलवाया।

मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा चालक

जानकारी के अनुसार, मृतक युवक मथुरा के महावन थाना क्षेत्र के निवासी थे और राजस्थान के डीग जिले में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गाड़ी चला रहा युवक अमित तेज रफ्तार में था। रात करीब नौ बजे जैसे ही कार नगला देविया के तीव्र मोड़ पर पहुंची, चालक मोड़ को संभाल नहीं पाया और कार लहराती हुई सीधे रजबहे में जा गिरी। सड़क पर मौजूद लोगों ने कार को फिसलते देखा, लेकिन कुछ समझ पाते उससे पहले हादसा हो गया।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में राहुल (23), मोहित (21), अमित (23) और उनका एक दोस्त जान गंवा बैठे। मृतकों में से एक युवक कानून की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। खुशियों भरे कार्यक्रम में जाने की तैयारी कर रहे परिवारों को कुछ ही घंटों में मातम का सामना करना पड़ा। कस्बा महावन सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सांत्वना देने लगे।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही मगोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। एक युवक की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी, जिसकी पुष्टि के प्रयास किए जा रहे थे।

एक हादसे ने बुझा दी चार जिंदगियां

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरों की याद दिला दी है। सगाई समारोह में शामिल होने निकले चार दोस्त जश्न की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कुछ ही पलों में उनकी जिंदगी का सफर हमेशा के लिए खत्म हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उस खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।

Published on:
19 Feb 2026 08:57 am